अभय मिश्रा, मऊगंज। एक वायरल वीडियो… और उसके पीछे छिपा वो काला सच, जिसने सिस्टम के दावों को सरेआम बेनकाब कर दिया है।सोशल मीडिया पर तैरती एक क्लिप की जब हमारी टीम ने पड़ताल की, तो जो हकीकत सामने आई, उसने इंसानियत को सन्न करके रख दिया। मामला नईगढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है, जहां इलाज की मेज पर डॉक्टर नहीं, बल्कि अस्पताल का ‘माली’ जानकी कुशवाहा हाथों में ग्लव्स पहनकर मरीज के सिर पर टांके लगा रहा था।

जी हां, वही माली जिसका काम अस्पताल के गमलों में पानी देना है, वो इंसानी जिस्म को सीने का काम कर रहा था। पड़ताल में सामने आया कि 21 जुलाई को जमीन विवाद में घायल हुए छोटेलाल कोल जब लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टरों ने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। सफेद कोट वाले नदारद रहे और मरीज को सौंप दिया गया कैंची-सुई थामे बैठे इस माली के हवाले।

READ MORE: बेला गांव डबल मर्डर केस में 7 साल बाद फैसला: दो आरोपियों को उम्रकैद की सजा, दो सगे भाइयों की गोली मारकर हुई थी हत्या  

माली जानकी कुशवाहा भी पूरे रौब में ‘सर्जन’ की भूमिका निभा रहा था। लेकिन जैसे ही उसे अहसास हुआ कि उसका वीडियो बन रहा है, बेपरवाही और बेशर्मी की हद पार हो गई—वो मरीज के सिर में सुई चुभी छोड़कर ही मौके से भाग खड़ा हुआ। दर्द से तड़पते मरीज की चीखें गूंजती रहीं, पर संवेदनहीनता की चादर ओढ़े अस्पताल प्रशासन टस से मस नहीं हुआ। हालांकि बाद में माली के द्वारा ही टाका लगाया गया!

सवाल सिर्फ एक माली की मनमानी का नहीं है, सवाल उन डॉक्टरों की आपराधिक लापरवाही का है, जो अपनी कुर्सी छोड़ गायब रहते हैं। आखिर किस अधिकारी की शह पर एक माली सालों से डॉक्टरों का काम कर रहा है? इससे भी बड़ा शर्मनाक पहलू यह है कि जब-जब इस अस्पताल के सच को उजागर किया जाता है, तब-तब कार्रवाई लापरवाहों पर करने के बजाय सच दिखाने वाली आवाजों पर मुकदमे दर्ज कराकर मामले को दबाने की कोशिश की जाती है।

READ MORE: घर के आंगन में सो रही साली का अपहरण, फिर जंगल में ले जाकर किया दुष्कर्म, जीजा समेत चार दरिंदे गिरफ्तार

वायरल वीडियो की पड़ताल ने सच तो साबित कर दिया है, लेकिन क्या इस बार भी फाइलों में सिर्फ लीपापोती होगी? या फिर अपनी ड्यूटी से गायब रहने वाले डॉक्टरों और मरीज की जान जोखिम में डालने वाले माली या इनसे काम लेने वालो पर ठोस कार्रवाई होगी? अगर पौधों को पानी देने वाला माली ही टांके लगाएगा, तो फिर डॉक्टरों की मोटी तनख्वाह और इस अस्पताल की क्या जरूरत है?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m