सतीश सिंह, लखनऊ. एक दिन पूर्व पार्टी की आल इंडिया बैठक में बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती द्वारा भतीजे आकाश आनंद को अपरिपक्व बताए जाने पर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने ऑफर दे दिया है. उन्होंने कहा कि अगर आकाश आनंद निषाद पार्टी में आते हैं तो उन्हें राजनीतिक हिस्सेदारी और सम्मान के साथ काम करने का अवसर दिया जाएगा.
उत्तर प्रदेश की सियासत में बहुजन समाज पार्टी को लेकर एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने बसपा प्रमुख मायावती के भतीजे आकाश आनंद को अपनी पार्टी में शामिल होने का खुला ऑफर दे दिया है.
इसे भी पढ़ें : ‘देश में इमरजेंसी जैसे हालात!’ जानिए अजय राय ने क्यों कहा लागू हो चुकी है अघोषित तानाशाही
संजय निषाद के इस ऑफर को सिर्फ व्यक्तिगत राजनीतिक प्रस्ताव नहीं, बल्कि आकाश आनंद के जरिए दलित युवा वोटरों के बीच राजनीतिक प्रभाव बढ़ाने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है. फिलहाल, संजय निषाद का यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में मायावती ने आल इंडिया पार्टी की बैठक में आकाश आनंद को पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी देने से इनकार कर दिया है.
पहले भी जिम्मेदारी से मुक्त कर चुकी हैं मायावती
आकाश आनंद के लिए यह पहला मौका नही है, जब उनको मायावती ने जिम्मेदारी देने से मना किया है. इससे पूर्व भी आकाश आनंद को नेशनल कोआर्डिनेटर के पद से हटाया था. उस दौरान आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ पर भी कार्रवाई की गई थी.



