लखनऊ. राजधानी की महापौर सुषमा खर्कवाल का अखिलेश यादव की मां को लेकर जो बयान सामने आया है, वो चर्चा का विषय बन गया है. 21 मार्च को मेयर ने टिप्पणी की थी. इस पर अखिलेश यादव ने उन पर जमकर निशाना साधा था. अपनी राजनीतिक मजबूरीवश मेरी दिवंगत मां का नाम लेकर एक महिला के रूप में एक अन्य महिला का अपमान न करें. अब मेयर सुषमा खर्कवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा कि ‘मेरे भाई अखिलेश ने मुझे लेकर जो कुछ कहा है मैं उनको बता देना चाहती हूं कि मैं एक सैनिक की पत्नी, एक सैनिक की बेटी हूं और मुझे अनुशासन पता है.’

बता दें कि मेयर ने कहा था कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘इन्होंने उस महिला का अपमान किया जिनकी कोख से उन्होंने जन्म लिया.’ सुषमा खर्कवाल के इस बयान पर अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा था कि ‘भारतीय समाज में कभी भी, किसी की भी मां का अपमान स्वीकार्य नहीं है. आपका राजनीतिक भविष्य उज्ज्वल होता अगर आप उसे नैतिक मानकों पर इतना नीचे न ले जातीं, आज आपके समर्थक भी शर्मिंदा हैं. जिनको प्रभावित करने के लिए आप अपना स्तर गिरा रही हैं, वो किसी के भी सगे नहीं हैं. आप अपना स्तर बनाए रखें और संतुलन भी. मैं आपसे किसी क्षमा की भी अपेक्षा नहीं रखता हूं और न ही ऐसा कहने के बाद क्षमा के कोई मायने रह जाते हैं. आपका अकेले में बैठकर जो पछतावा होगा, हमारे लिए इतना ही बहुत है. सादर, आपका भाई अखिलेश.’

इसे भी पढ़ें : योगी के ही नेतृत्व में लड़ा जाएगा 2027 का विधानसभा चुनाव, नितिन नबीन का बड़ा ऐलान!

गौरतलब है कि राजधानी लखनऊ में बीजेपी की ओर से जन आक्रोश यात्रा का आयोजन किया गया था. जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल थे. इसी दौरान मेयर सुषमा खर्कवाल ने ये बयान दिया था. इतना ही नहीं, उन्होंने पूरे विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ये आक्रोश आधी आबादी का है. उस दल की भी महिला कार्यकर्ता अंदर ही अंदर सुलग रही हैं. 2027-2029 में इनको जवाब मिलेगा.