मेरठ. मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में स्कूल संचालक अतुल कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, अतुल की पत्नी दामिनी ने अपने कथित प्रेमी और स्कूल वैन चालक तुषार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. योजना के तहत पहले अतुल को दूध में नींद की गोलियों की ओवरडोज दी गई, जिससे वह गहरी नींद में चला गया. इसके बाद कमरे में जहरीला सांप छोड़कर उसे डसवाया गया. मामले में पुलिस ने पत्नी, प्रेमी और दो सपेरों सोनू व उदय को गिरफ्तार कर लिया है.

इसे भी पढ़ें- Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 18 July: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन

सुबह बिस्तर पर मिला था शव

शुक्रवार सुबह करीब छह बजे अतुल कुमार का शव किराए के मकान के कमरे में बिस्तर पर मिला. पत्नी और परिवार के लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में उनके दाएं पैर पर सांप के काटने के निशान मिले. घटना के बाद परिजनों ने पत्नी पर हत्या की साजिश का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की.

पत्नी की कहानी पर पुलिस को हुआ शक

पुलिस पूछताछ में पत्नी दामिनी ने बताया कि रात करीब दो बजे वह अपने छह वर्षीय बेटे के साथ दूसरे कमरे में सोने चली गई थी. सुबह लौटने पर पति को आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. चादर हटाने पर सांप दिखाई दिया. हालांकि पुलिस ने कॉल डिटेल खंगाली तो स्कूल वैन चालक तुषार से लगातार बातचीत सामने आई, जिससे शक गहरा गया.

ड्राइवर ने कबूली पूरी साजिश

कड़ाई से पूछताछ के दौरान तुषार ने पूरी वारदात स्वीकार कर ली. पुलिस के मुताबिक, हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी. सपेरों की मदद से जहरीला सांप लाया गया और वारदात को प्राकृतिक मौत का रूप देने की कोशिश की गई.

इसे भी पढ़ें- ‘राम के नाम पर चंदा लूटकर अपना घर बनाया…’, बलिया में सपा विधायक जयप्रकाश अंचल का बीजेपी पर हमला, जानिए क्या कहा

चार आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं. पत्नी दामिनी, वैन चालक तुषार और सपेरे सोनू व उदय को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है.