मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक किसान की जान ले ली. जानी थाना क्षेत्र के किठौली गांव में खेत पर गन्ने की बंधाई करने गए 58 वर्षीय किसान लख्मी पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया. कुत्तों ने किसान को इस कदर नोचा कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

मंगलवार को किठौली गांव निवासी लख्मी पुत्र रामशरण सुबह करीब 8 बजे अपने खेत पर काम करने के लिए गए थे. शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटे तो परिवार वालों को चिंता हुई. इसके बाद उनके पोते ईशांत को खेत पर दादा को देखने के लिए भेजा गया.

इसे भी पढ़ें- उत्तरप्रदेश की बड़ी उपलब्धिः GeM पोर्टल से UP ने की सबसे ज्यादा 1 लाख करोड़ खरीदी, मिले तीन राष्ट्रीय पुरस्कार

पोते ने खेत में देखा खौफनाक मंजर

ईशांत जब खेत पर पहुंचा तो वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए. उसने देखा कि उसके दादा जमीन पर पड़े हुए हैं और आवारा कुत्तों का झुंड उनके शरीर को नोच रहा है. यह देखकर वह डर गया और शोर मचाते हुए गांव की ओर भागा. ईशांत की सूचना पर परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर खेत की ओर पहुंचे. लोगों को आता देख कुत्ते वहां से भाग गए. ग्रामीणों ने जब किसान को देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी.

ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की. हालांकि ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए करीब एक घंटे तक शव को उठने नहीं दिया. ग्रामीणों का कहना था कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है. खेतों में काम करने वाले किसान और बच्चे लगातार खतरे में हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया.

इसे भी पढ़ें- वहां जाकर ‘थोड़े झूठे आंसू’ बहा आइए, ताकि…झारखंड छात्र आंदोलन को लेकर ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, जानिए ऐसा क्या हुआ?

परिवार में मचा कोहराम

किसान लख्मी अपने पीछे पत्नी उषा और दो बेटे जितेंद्र व अंकुर को छोड़ गए हैं. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. पत्नी, बेटों और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को भी सूचना दी गई है. आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए जल्द अभियान चलाया जाएगा.