मेरठ. मेरठ के पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में 13 साल के छात्र की शिक्षक द्वारा बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है. आरोप है कि शिक्षक ने महज 39 सेकेंड के भीतर छात्र के गाल और चेहरे पर 17 थप्पड़ जड़ दिए. छात्र ने जब सिर नीचे कर खुद को बचाने की कोशिश की तो शिक्षक ने उसके मुंह पर भी थप्पड़ और घूंसे मारे. पूरी घटना कक्षा में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है.

इसे भी पढ़ें- बाढ़ से बेहाल यूपीः 16 जिले डूबे, 47 में बारिश का अलर्ट; नदी में बहे मां-बेटे

मकदूमपुर कॉलोनी निवासी रमेश के मुताबिक उनका बेटा सागर कक्षा 10वीं में पढ़ता है. गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे वह क्लास में बैठकर पढ़ रहा था. इसी दौरान एक शिक्षक कक्षा में पहुंचे और छात्र से कुछ लिखे होने के बारे में सवाल किया. इसके बाद शिक्षक ने छात्र को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया. परिजनों का आरोप है कि छात्र लगातार खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन शिक्षक ने उसकी पिटाई जारी रखी. शिक्षक ने कथित तौर पर छात्र को कॉलेज से नाम काटने की धमकी भी दी.

39 सेकेंड में 17 थप्पड़, CCTV में कैद हुई घटना

छात्र की पिटाई का करीब 39 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. CCTV फुटेज में शिक्षक छात्र के पास खड़े दिखाई देते हैं. वह छात्र से पूछते हैं कि वह क्या पढ़ रहा है और उसने क्या बनाया है. इसके बाद छात्र की पिटाई शुरू कर देते हैं. वीडियो में छात्र सिर नीचे कर बचने की कोशिश करता दिखाई देता है. आरोप है कि इसके बाद शिक्षक ने उसके चेहरे और मुंह पर भी थप्पड़ मारे. छात्र के पिता का कहना है कि उसके शरीर पर चोटें आई हैं.

पिता बोले- पिटाई के बाद मानसिक रूप से परेशान है बेटा

रमेश ने बताया कि छुट्टी के बाद उनका बेटा घर पहुंचा और पूरी घटना बताई. बेटे की हालत देखकर वह उसे लेकर कॉलेज पहुंचे और प्रधानाचार्य अमित कुमार से शिकायत की. पिता का आरोप है कि संबंधित शिक्षक पहले भी उनके बेटे को डांटते और परेशान करते रहे हैं. परिजनों का कहना है कि घटना के बाद छात्र मानसिक रूप से परेशान है और उसका व्यवहार भी बदल गया है. पिता ने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है.

इसे भी पढ़ें- रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं, सांप ने एक ही परिवार के 3 लोगों को डसा; मासूम समेत 2 की मौत

कॉलेज और पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की शिकायत कॉलेज प्रबंधन के साथ हस्तिनापुर थाने में भी की गई है. प्रधानाचार्य अमित कुमार ने बताया कि छात्र के पिता की ओर से शिकायत मिली है. मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. वहीं, सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. CCTV फुटेज और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.