रेवाड़ी के नारायणपुर गांव में डाइट हुसैनपुर की संसाधन इकाई द्वारा मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञ टीम ने ग्रामीण महिलाओं और छात्राओं को पीरियड्स के दौरान स्वच्छता रखने, सैनिटरी पैड का उपयोग करने और रूढ़िवादिता तोड़ने के लिए प्रेरित किया।
धनेश विद्यार्थी, रेवाड़ी। माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत देश भर में किशोरियों और महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और सशक्तिकरण जागरूकता कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए लगातार सरकार और एनजीओ विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर रहे हैं। इनका मुख्य उद्देश्य मासिक धर्म से जुड़ी वर्जनाओं और चुप्पी को तोड़ना है। इसी कड़ी में प्राचार्य प्रदीप कुमार दहिया की अध्यक्षता में डाइट हुसैनपुर की संसाधन इकाई की ओर से ग्राम नारायणपुर के विद्यालय में सरपंच मुनेश देवी के मार्गदर्शन में महावारी स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों की लगभग 50 महिलाओं, छात्राओं और आशा वर्करों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
सैनिटरी पैड के उपयोग पर जोर
इसमें डॉ. सरोज यादव ने माहवारी से जुड़े अंधविश्वासों को दूर कर इसे एक सामान्य शारीरिक प्रक्रिया के रूप में स्वीकारने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई रखने और सुरक्षित सैनिटरी पैड का उपयोग करने की बेहद आवश्यकता होती है, क्योंकि गंदे कपड़ों के इस्तेमाल से गंभीर संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। कार्यक्रम के दौरान प्राध्यापिका सुदेश कुमारी ने बेहतर जीवनशैली और कौशल पर प्रकाश डाला। वहीं, रितु यादव ने पीरियड्स के दौरान होने वाले पेट दर्द, कमजोरी और मूड स्विंग जैसी विभिन्न शारीरिक समस्याओं से बचाव के जरूरी उपाय उपस्थित महिलाओं को विस्तार से समझाए।
महिलाओं को बांटे गए सैनिटरी पैड
इस उपयोगी संगोष्ठी में प्राध्यापिका बबीता ने महिलाओं को गर्भाशय के कैंसर जैसी घातक बीमारी के प्रति सचेत किया, जबकि डॉ. संगीता ने सभी को योग की पुस्तकें और सेनेटरी पैड का निशुल्क वितरण कर जरूरी योगा टिप्स दिए। इसके साथ ही उन्होंने इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निपटान के सही तरीकों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इस सफल आयोजन के अंत में सरपंच प्रतिनिधि ओमप्रकाश ने गांव में आकर महिलाओं को जागरूक करने के लिए डाइट परिवार के सभी सम्मानित सदस्यों का आभार जताया।

