अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां आज मंगलवार की सुबह तेज आंधी-तूफान के साथ आसमान से गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक 50 वर्षीय अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इस घटना में उनके बड़े भाई के दो पोते भी गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार और पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है।
खेत देखने गए थे दादा और पोते
मृतक की पहचान विजयीपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव निवासी स्वर्गीय रामदेव यादव के 50 वर्षीय पुत्र महेंद्र यादव के रूप में हुई है। वहीं, झुलसे बच्चों में उनके बड़े भाई के पोते 12 वर्षीय आदित्य यादव और 10 वर्षीय अंकित यादव शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह महेंद्र यादव अपने दोनों पोतों, आदित्य और अंकित के साथ गांव के उत्तर दिशा में स्थित खेतों की तरफ फसल देखने गए हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज आंधी-पानी के साथ आकाशीय बिजली कड़कड़ाते हुए सीधे उनके ऊपर गिर गई।
अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
बिजली की चपेट में आने से महेंद्र यादव बुरी तरह झुलस कर बेहोश हो गए, जबकि पास में ही खड़े दोनों मासूम बच्चे भी इसकी लपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में तीनों को विजयीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद महेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायल बालकों का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही विजयीपुर थाना पुलिस तुरंत अस्पताल परिसर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया। इस असमय मौत से मृतक महेंद्र यादव के घर में चीख-पुकार मची हुई है। मृतक की पत्नी रम्भा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं, लेकिन इस वज्रपात ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।
ये भी पढ़ें- दर्दनाक हादसा: कैंसर का इलाज कराने जा रहे बाप-बेटे को तेज रफ्तार स्कार्पियो ने कुचला, दोनों की मौत

