सतीश सिंह, लखनऊ. जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के बीच भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार को भीड़तंत्र के दबाव में आकर किसी मंत्री का इस्तीफा नहीं लेना चाहिए. यदि ऐसा होने लगे तो कल कोई भी व्यक्ति किसी चौराहे पर लोगों को इकट्ठा कर किसी के भी इस्तीफे की मांग करने लगेगा.

देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं गंभीर हैं और पूरा देश चाहता है कि इन पर पूरी तरह रोक लगे. इसके लिए सरकार को सख्त कानून बनाना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मुद्दे पर सभी की चिंता जायज है, लेकिन इसके नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए.

इसे भी पढ़ें : पेपर लीक के बीच AAP का सवाल, पूछा-ऐसे माहौल में राज्यपाल किस नैतिक आधार पर डिग्रियां प्रदान करेंगी

भाजपा एमएलसी ने जंतर-मंतर पर हो रहे प्रदर्शन को राजनीतिक करार देते हुए आरोप लगाया कि वहां विदेशी ताकतों के इशारे पर गतिविधियां चल रही हैं. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन स्थल पर विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग मौजूद हैं और इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी प्रकार की हिंसा फैलाने का प्रयास किया जाता है तो सरकार को उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. सरकार की प्राथमिकता पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकना और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना है.

गौरतलब है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है. केंद्र सरकार ने इस मामले पर विचार के लिए 24 घंटे का समय लिया है.