रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. उत्तर प्रदेश सरकार में नव नियुक्त कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने अपने गृह जनपद रायबरेली पहुंचकर समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा. मंत्री बनने के बाद पहली बार रायबरेली आने पर उन्होंने स्थानीय स्तर पर कार्यक्रमों में भाग लिया और विपक्षी दलों की राजनीति पर सवाल उठाए.
मंत्री मनोज पाण्डेय ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के हालिया विवादित बयान “पंडित से पूछकर पैर निकालने” वाले बयान को लेकर तीखा पलटवार किया. उन्होंने कहा कि सपा को अब गंभीर चिंतन की बेहद जरूरत है. ऐसी हरकतें और बयान उनकी पार्टी को रसातल में ले जाएंगे. मनोज पाण्डेय ने कहा, “अखिलेश यादव और राजकुमार भाटी जैसे नेताओं की ये पुरानी सोच और विभाजनकारी बयानबाजी जनता अब समझ चुकी है. जब पूरा देश विकास और सुशासन के मुद्दे पर आगे बढ़ रहा है, तब सपा परिवारवाद, जातिवाद और सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की राजनीति में फंसी हुई है. यह उनकी मानसिक अस्थिरता को दर्शाता है.
इसे भी पढ़ें : ‘सपा मुखिया को क्षमा याचना और पश्चाताप कर लेना चाहिए’… ब्राह्मण समाज पर अभद्र टिप्पणी को लेकर मायावती ने साधा निशाना
मनोज पाण्डेय ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है. “भाजपा सरकार जनकल्याण, सुशासन और डबल इंजन की सरकार के माध्यम से काम कर रही है, जबकि सपा केवल वादों और परिवार की राजनीति पर टिकी हुई है”. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे. उन्होंने मंत्री का स्वागत किया और उनके कैबिनेट मंत्री बनने पर बधाई दी.

