कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार में मंत्री और जदयू नेता सुनील कुमार ने पटना में कोचिंग संस्थानों के बीच जारी विवाद को लेकर बड़ा बयान दिया है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, पटना के दो कोचिंग संस्थान को लेकर जो मामला है, पटना पुलिस के बड़े अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं। उनकी देखरेख में ही सब कुछ हो रहा है। निश्चित तौर पर पुलिस अपना काम कर रही है, जो भी दोषी होंगे वह किसी भी हालत में नहीं बचेंगे।

‘छात्रों को ऐसे माहौल से दूर रहना चाहिए’

मंत्री सुनील कुमार ने साथ ही आगे कहा कि, बिहार में कोचिंग चलाने का जो नियम है, उसका पालन सभी कोचिंग वालों को करना होगा। इसको लेकर भी सरकार प्रयास कर रही है। प्रशासन के लोग भी उसको देख रहे हैं। ऐसे मामले में किसी भी हालत में बिना जांच का कुछ कहा नहीं जा सकता है, लेकिन इतनी बात जरूर कह सकते हैं की जो छात्र हैं। वह पढ़ने के लिए आते हैं, उन्हें सिर्फ पढ़ाना चाहिए। छात्रों को भी पढ़ने से ही मतलब रखना चाहिए। ऐसे माहौल में छात्रों को इन सब विवाद से दूर रहना चाहिए।

जानें क्या है पूरा मामला?

गौरलब है कि यह पूरा मामला 2 जून का है, जब खान सर के कोचिंग (खान ग्लोबल स्टडीज) पर तोड़ फोड़ की घटना हुई थी, जिस मामले में खान सर की ओर से ज्ञान बिंदू के संचालक रौशन आनंद पर मारपीट व तोड़फोड़ को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस मामले में पटना पुलिस ने रौशन आनंद समेत दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था।

घटना के दो दिन पटना पुलिस ने फायरिंग से जुड़े वायरल वीडियो के मामले में खान सर के दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लिया, जिन्होंने बताया कि उन्होंने खान सर के कहने पर हवाई फायरिंग की थी। इस बयान के आधार पर पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ भी विभिन गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। हालांकि कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी।

इस मामले ने अहम मोड़ तब ले लिया जब मामले में फरार चल रहे रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की कल नेपाल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। इस घटना के बाद रौशन आनंद के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, आज 15 जून को हुई सुनवाई में रौशन आनंद को जेल से जमानत मिल गई।

जेल से से बाहर आते ही उन्होंने अपने भाई प्रिंस यादव की मौत के लिए खान सर को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि, हमारे हमारे भाई की हत्या फैसल खान (खान सर) और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आर एस प्रसाद ने करवाया है। रौशन आनंद ने कहा कि, फैसल खान के बारे में और सब बात बताएंगे। वो क्या है? उन्हें सब पता है।

रौशन आनंद ने कहा कि, जब हम जेल में नहीं थे। मेरे भाई को कुछ नहीं हुआ था। हम जेल गए उसके बाद साजिश रचकर इन लोगों ने हमारे भाई की हत्या करवाई है। फैसल खान के बारे में और सब बात बताएंगे। वो क्या है? उन्हें सब पता है।

ये भी पढ़ें- बिहार में मॉब लिंचिंग: चोरी के आरोप में मेला घूमने आए दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या