वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के राजगीर थाना क्षेत्र से मॉब लिंचिंग का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। झुनकिया बाबा मंदिर के समीप चोरी के आरोप में उग्र भीड़ ने दो युवकों को पकड़कर बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की इलाज के दौरान पटना पीएमसीएच में मौत हो गई। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
राजगीर मेला घूमने आए थे दोनों युवक
मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर गांव निवासी 24 वर्षीय पिंटू पासवान और 18 वर्षीय श्रवण पासवान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ राजगीर मेला घूमने आए थे। देर रात सूचना मिली कि उन्हें चोरी के आरोप में पकड़कर पीटा जा रहा है।
सूचना मिलने पर राजगीर थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अनुमंडलीय अस्पताल राजगीर पहुंचाया। वहां से बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई- राजगीर डीएसपी
घटना के संबंध में राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें- डायल-112 की पूछताछ के दौरान घबराई महिला की हार्ट अटैक से मौत, घरेलू विवाद को सुलझाने पहुंची थी पुलिस

