राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह पर मेहरबानी जारी है! एमपी सरस (MP SARAS) का चैयरमेन होने के नाते विजय शाह का नया ऑफिस बन रहा है। जिसके कारण राजभवन के ट्राइबल सेल की शिफ्टिंग 5 महीने आगे बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि यह नया ऑफिस 2 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से बनकर तैयार होगा।

एमपी के मंत्री विजय शाह के लिए नया ऑफिस तैयार किया जा रहा है। नई बिल्डिंग की वजह से राजभवन के ट्राइबल सेल की शिफ्टिंग को 5 महीने आगे बढ़ा दिया गया है। दरअसल, ट्राइबल सेल के लिए 2.50 करोड़ रुपए की मंजूरी नवंबर 2025 में हो गई थी। बिल्डिंग डेवलपमेंट कार्पोरेशन ने टेंडर भी लगा दिए थे। टैंडर कैंसिल कर रीकॉल किया गया है। इसका कारण तकनीकी खामी बताया गया है।

ये है मामला

दरअसल, मध्य प्रदेश ट्राइबल वेलफेयर रेसीडेन्सियल एंड आश्रम एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस सोसायटी यानी एमपी सरस (MP SARAS) के तहत ट्राइबल सेल काम कर रही है। ट्राइबल सेल का अभी राजभवन में ऑफिस है। राजभवन में चल रहे इस ट्राइबल सेल का ऑफिस बाहर शिफ्ट होना है। इसके लिए अनुसूचित जनजाति विभाग की नई बिल्डिंग आदि भवन को चुना गया है।

आपको बता दें कि अनुसूचित जनजाति के विभागीय मंत्री ही सरस के चेयरमैन होते हैं। अब तक मंत्री, मंत्रालय में आवंटित कक्ष से अपना काम करते आए हैं। पहली बार चेयरमैन का ऑफिस बन रहा है। यह नया ऑफिस 2 करोड़ 66 लाख में तैयार होगा।

अपने बयानों से अक्सर विवादों में रहते हैं मंत्री

गौरतलब है कि मंत्री विजय शाह अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में बने रहते है। ऑपरेशन सिंदूर के समय कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी करने पर सुप्रीम कोर्ट ने फटकार लगाई थी। इसके बाद लाड़ली बहनों को लेकर भी अजीबोगरीब बयान दिया था। महिलाओं को लेकर कई बार बिगड़े बोल सामने आ चुकी है, जिसे लेकर प्रदेशभर में प्रदर्शन भी हो चुके हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m