कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर में पुरानी रंजिश में गनपॉइंट पर 16 साल के नाबालिग का अपहरण कर लिया। वारदात को अंजाम देने वाला जीजा-साले हैं। दोनों ने बीच सड़क बाइक रोककर नाबालिग को जबरन कार में ठूंसा और रास्ते भर उसे पीटते रहे। जब पुलिस ने घेराबंदी की, तो शातिर बदमाशों ने खुद को बचाने के लिए कट्टा नाबालिग के हाथ में थमा दिया, लेकिन पुलिस की सजगता से बदमाशों का ये मास्टरप्लान भी फेल हो गया।

कनपटी पर कट्टा अड़ाकर कार में डाल लिया

दरअसल वारदात ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना इलाके की है। मोहना का 16 साल का एक नाबालिग अपने दोस्तों के साथ किले वाले गुरुद्वारे में दर्शन करने आया था। दर्शन के बाद वो बाइक से रायरू की तरफ जा रहा था। नाबालिग से पुरानी दुश्मनी रखने वाले गुलशन सिंह और जगरूप सिंह, अपने जीजा जसपाल सिंह के साथ कार में सवार होकर उसका पीछा कर रहे थे। रायरू हाईवे पर पहुंचते ही आरोपियों ने फिल्मी स्टाइल में नाबालिग की बाइक को रुकवाया और कनपटी पर कट्टा अड़ा दिया और उसे खींचकर अपनी कार में डाल लिया। आरोपी उसे करहिया गांव ले गए। इस दौरान पूरे रास्ते में उसके साथ बर्बरता की गई। उसके चेहरे, पीठ और पसलियों पर बेरहमी से वार किए गए।

रंगेहाथों तीनों को दबोच लिया

इधर, दिनदहाड़े किडनैपिंग की खबर मिलते ही पुलिस एक्टिव मोड में आई। पुरानी छावनी और करहिया थाना पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और आरोपियों की घेराबंदी कर ली। खुद को पुलिस से घिरा देख शातिर बदमाशों ने एक और खौफनाक साजिश रची। उन्होंने जिस कट्टे से नाबालिग को डराया था, वही कट्टा नाबालिग के हाथ में थमा दिया, ताकि पुलिस को लगे कि वो खुद अपराधी है, लेकिन पुलिस ने बदमाशों की इस चालाकी को भांप लिया और रंगेहाथों तीनों को दबोच लिया।

हथियार कहां से आया जांच में जुटी पुलिस

नागेंद्र सिंह सिकरवार- CSP ने बताया कि आरोपी गुलशन, जगरूप और उनके जीजा जसपाल के खिलाफ किडनैपिंग, मारपीट, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। घायल नाबालिग का मेडिकल कराया गया है। पुलिस तफ्तीश में जुटी है कि आरोपियों के पास अवैध हथियार आखिर आया कहां से।

खाकी और अपराधी का गठजोड़ ! हिस्ट्रीशीटर से सत्कार कराने पर SDOP, TI को नोटिस, एसपी का बड़ा एक्शन

नागेंद्र सिंह सिकरवार- CSP

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m