सतीश सिंह, मीरजापुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं मंगल की कामना की. मुख्यमंत्री दोपहर करीब सवा बारह बजे मंदिर पहुंचे. मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने उन्हें चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंत्रोच्चार के बीच मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया और आरती उतारी. वह करीब 10 मिनट तक मंदिर परिसर में रहे.
पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थित अन्य देवी-देवताओं के भी दर्शन किए और हवन कुंड की परिक्रमा की. उन्होंने प्रदेश में शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना करते हुए विशेष प्रार्थना की.
इसे भी पढ़ें : शिक्षा, स्वास्थ्य और खास संदेशः CM योगी ने शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का किया शुभारंभ, कहा- टीचर केवल पढ़ाने का कार्य नहीं करते, बल्कि…
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. उनके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मंदिर परिसर के आसपास एकत्र हुए. मुख्यमंत्री ने हाथ उठाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया, जिस पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया. मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई.

