Mirzapur The Movie OTT Release: मुंबई। ‘मिर्जापुर’ के फैंस के लिए बड़ी खबर है। कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया की दुनिया एक बार फिर दर्शकों के सामने आ गई है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ अब प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो गई है। फिल्म का ग्लोबल स्ट्रीमिंग प्रीमियर भारत समेत दुनिया के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में हुआ है। ऐसे में दर्शक एक बार फिर पूर्वांचल की सत्ता की लड़ाई, पुरानी दुश्मनी और गैंगवार के रोमांच का मजा ले सकते हैं।
अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु फिर आए साथ
‘मिर्जापुर: द मूवी’ में अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इनके अलावा रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, श्वेता त्रिपाठी शर्मा और सोनल चौहान भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में पुराने चेहरों के साथ मिर्जापुर की कहानी को नए अंदाज में आगे बढ़ाया गया है।
पहले सीजन के दौर में पहुंचेगी कहानी
फिल्म की कहानी दर्शकों को ‘मिर्जापुर’ के पहले सीजन के दौर में लेकर जाती है। इसमें एक बार फिर सत्ता पर कब्जे की लड़ाई, दुश्मनी और गद्दी हासिल करने की जंग देखने को मिलेगी। कहानी का दायरा पूर्वांचल से लेकर रेगिस्तान तक फैला हुआ है। ऐसे में फ्रेंचाइजी के पुराने किरदारों के साथ दर्शकों को कुछ नए मोड़ भी देखने को मिलेंगे।
एक्सटेंडेड कट में मिलेंगे कुछ अनदेखे सीन
फिल्म का एक्सटेंडेड कट भी दर्शकों के लिए खास है। इसमें कुछ ऐसे सीन शामिल किए गए हैं, जो पहले सामने नहीं आए थे। इससे दर्शकों को कहानी और किरदारों को थोड़ा और करीब से समझने का मौका मिलेगा। फिल्म को पुनीत कृष्णा ने लिखा है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी गुरमीत सिंह ने संभाली है।
फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने किया प्रोड्यूस
‘मिर्जापुर: द मूवी’ को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म को अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्रस्तुत किया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

