लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर लखनऊ पहुंचे। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी विशेष रथ पर सवार होकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय के लिए रवाना हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया और पूरे मार्ग में उत्साह का माहौल रहा।

इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी: सिर्फ रामधन ही नहीं हर काम में कमीशन वसूला, ट्रस्टियों ने पार की लूटमार की हर सीमा

एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक भव्य स्वागत यात्रा निकाली गई, जो कृष्णानगर मोड़, आलमबाग, टीएन चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और बर्लिंगटन चौराहे से होकर गुजरी। यात्रा मार्ग में 42 स्थानों पर व्यापारी संगठनों, अधिवक्ताओं, सामाजिक संस्थाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया।

इसे भी पढ़ें- राम मंदिर ट्रस्ट की 6 जुलाई को अहम बैठक, बिना हस्ताक्षर वाले एजेंडा पत्र पर सवाल, चंपत राय, अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर विचार

मुख्यालय पहुँचने के बाद करेंगे बैठक

प्रदेश मुख्यालय पहुंचने के बाद नितिन नवीन प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। बैठक में संगठन की गतिविधियों, सदस्यता अभियान और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी।

इसे भी पढ़ें- आगरा में खौफनाक वारदात: पति की हत्या कर बाथरूम में दफना दी लाश,कमोड के पांच फिट नीचे मिली डेड बॉडी

शाम को जनप्रतिनिधियों के साथ करेंगे बैठक

अपने प्रवास के दौरान वह हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। इसके बाद गोमतीनगर स्थित होटल ताज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे। शाम को मुख्यमंत्री आवास पर उनके सम्मान में रात्रिभोज का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

5 जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व प्रदेश अध्यक्षों तथा एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा वह उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे। संघ कार्यालय भारती भवन में विचार परिवार के प्रमुख सदस्यों के साथ भी उनका संवाद प्रस्तावित है।

दोपहर बाद वह राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे, जिसमें बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आगामी अभियानों की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। दौरे के अंतिम चरण में वह पीरनगर स्थित बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगे।