Bihar News: भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में कल हुए पुलिस एनकाउंटर में भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश भड़क उठा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने आज गुरुवार की सुबह बिलौटी गांव के पास भूषण तिवारी के शव को सड़क पर रखकर आरा-बक्सर फोरलेन को जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक भूषण तिवारी को न्याय दिलाने और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव

करीब हजार की संख्या में जुटे ग्रामीणों की वजह से आरा-बक्सर फोरलेन के दोनों तरफ काफी भीषण जाम लग गया, जिससे इस भीषण गर्मी में फंसे लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और एनकाउंटर की कार्रवाई का जमकर विरोध जताया। सूचना मिलने के बाद जब पुलिस मौक पर पहुंची तो भड़के लोगों ने पुलिस पर ही पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने हालात को कंट्रोल करने के लिए लाठीचार्ज किया। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई है।

गौरतलब है कि जिला पुलिस और मृतक भरत भूषण तिवारी जो मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है, के बीच पिछले दो दिनों से मामला चल रहा था। पिछले दिनों भरत भूषण तिवारी का एक वीडियो काफी वायरल हुआ था, जिसमें वह थानाध्यक्ष और पुलिसकर्मियों पर बार-बार पिस्टल तान रहा था और गाली-गलौज करने के साथ उन्हें मारने की धमकी दे रहा था। करीब 20 मिनट तक यह ड्रामा चलता रहा अंत में पुलिस खाली हाथ वापस लौट गई।

इस बीच कल गुरुवार की सुबह फिर से पटना एसटीएस और जिला पुलिस भरत भूषण तिवारी को पकड़ने पहुंची, जहां फिर एक बार भरत भूषण और पुलिस के बीच कहासुनी होती है। इससे जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस उसे समझाते हुए मामले में कार्रवाई करने की बात कहते हुए उसे हथियार फेंकने और आत्म समर्पण करने की बात कहती है।

बदले में युवक भी पुलिस की बात को मानते हुए कहता है कि मैं इनके कहने पर हथियार फेंक रहा हूं और यदि मेरे साथ ये लोग छल करते हैं और मैं जिंदा बच जाता हूं तो फिर मैं इन लोगों को सबक सिखाऊंगा। इतना कहने के बाद वह पिस्तौल पुलिस के सामने फेंक देता है। इसके बाद का वीडियो कट हो जाता है।

ऐसे में अब यह सवाल उठ रहा है कि जब भरत भूषण तिवारी ने पिस्तौल फेंक दिया तो फिर पुलिस ने उसे गोली क्यों मारी? परिवार वालों का कहना है कि भरत भूषण तिवारी भ्रष्ट सिस्टम और गांव में काम नहीं होने को लेकर लगातार प्रशासन और सरकार पर वीडियो बनाता था, जिसके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि युवक ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई गई, जो युवक के पैर और जांघ में लगी, जिसकी इलाज के क्रम में पटना पीएमसीएच में मौत हो गई।

ये भी पढ़ें- राजद नेता गुड्डू चंद्रवंशी को युवक ने दी बम से उड़ाने की धमकी, गाली-गलौज भरा वीडियो वायरल