मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. कलेक्ट्रेट परिसर में अधिवक्ताओं की लंबे समय से चली आ रही सुविधाओं की मांग जल्द पूरी हो सकती है. सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रस्तावित बहुमंजिला चैंबर भवन के लिए शीघ्र धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया.
मुख्यमंत्री से हुई इस महत्वपूर्ण मुलाकात में सदर विधायक के साथ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा, उपाध्यक्ष राजेश उपाध्याय और महामंत्री शैलेन्द्र जायसवाल शामिल रहे. विधायक ने जिलाधिकारी द्वारा प्रमुख सचिव को भेजे गए प्रस्ताव के संदर्भ में मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र सौंपा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रस्ताव पर जल्द से जल्द कार्यवाही का आश्वासन दिया है.
इसे भी पढ़ें : ग्लोबल कंपनियों की पहली पसंद बना यूपी: एल्युमिनियम कैन जायंट्स ने CM योगी से की मुलाकात, होगा भारी निवेश
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद शुक्रवार को कचहरी स्थित बार एसोसिएशन सभागार में अधिवक्ताओं की एक विशेष बैठक आयोजित की गई. बैठक में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने सीएम के साथ हुई सकारात्मक चर्चा की जानकारी साझा करते हुए कहा अधिवक्ताओं के लिए एक व्यवस्थित और आधुनिक बहुमंजिला चैंबर भवन की आवश्यकता लंबे समय से थी. कलेक्ट्रेट परिसर में इसका निर्माण होने से सभी अधिवक्ताओं को एक सुविधाजनक और सुरक्षित कार्यस्थल मिल सकेगा.
एक ही परिसर में व्यवस्था सुधारने की पहल
विधायक द्वारा सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि अयोध्या जिले में सिविल कोर्ट, कलेक्ट्रेट, रेवेन्यू कोर्ट, कमर्शियल कोर्ट, रजिस्ट्री विभाग और चकबंदी अदालतें एक ही परिसर में संचालित होती हैं. इस कारण यहाँ प्रतिदिन हज़ारों की संख्या में अधिवक्ताओं और वादकारियों की आवाजाही रहती है. वर्तमान में पर्याप्त जगह न होने के कारण अधिवक्ताओं को कार्य करने में काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. बहुमंजिला भवन के निर्माण से न केवल अधिवक्ताओं के बैठने की बेहतर व्यवस्था होगी, बल्कि कचहरी परिसर की कार्यप्रणाली भी अधिक सुगम हो जाएगी.



