बांग्लादेश की संसद में सत्तारूढ़ BNP के सांसद जीएम सिराज ने भारत और बांग्लादेश के संबंधों को लेकर एक ऐसा मुद्दा उठाया, जिसने राजनीतिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है। 2026-27 के प्रस्तावित बजट पर चर्चा के दौरान सिराज ने स्पीकर के माध्यम से भारत सरकार से पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी के बयानों पर रोक लगाने की मांग की।
सिराज का कहना था कि शुभेंदु अधिकारी समय-समय पर बांग्लादेश के खिलाफ जो बयान देते हैं, वे दोनों देशों के बीच मित्रतापूर्ण संबंधों के लिए नुकसानदेह हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान भारत-बांग्लादेश दोस्ती में बाधा पैदा कर रहे हैं और इन्हें नियंत्रित किया जाना चाहिए।
‘शेख हसीना अब बांग्लादेश की राजनीति का केंद्र नहीं’
अपने संबोधन में जीएम सिराज ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शेख हसीना अब बांग्लादेश की राजनीति में कोई केंद्रीय भूमिका नहीं निभातीं और देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में उनका महत्व समाप्त हो चुका है।
सिराज ने जोर देकर कहा कि बांग्लादेश भारत के साथ सम्मानजनक और सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखना चाहता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच पड़ोसी होने का रिश्ता स्थायी है और इसे किसी भी हाल में कमजोर नहीं होने देना चाहिए।
‘पड़ोसियों के बीच तलाक नहीं हो सकता’
भारत-बांग्लादेश संबंधों की अहमियत बताते हुए BNP सांसद ने एक दिलचस्प टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि दोस्तों की दोस्ती टूट सकती है और पति-पत्नी का रिश्ता भी तलाक तक पहुंच सकता है, लेकिन पड़ोसी देशों के बीच संबंध समाप्त नहीं हो सकते। इसलिए दोनों देशों को संवाद और सहयोग के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए।
सीमा और ‘पुश-इन’ का मुद्दा भी उठाया
सिराज ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर कथित तौर पर लोगों को जबरन बांग्लादेश भेजे जाने (पुश-इन) के मुद्दे को भी संसद में उठाया। उन्होंने भारत सरकार से ऐसी कार्रवाइयों को रोकने की अपील की और कहा कि दोनों देशों के बीच किसी भी तरह की भारत-विरोधी या बांग्लादेश-विरोधी भावना को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि भारत में अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। भारतीय एजेंसियां अवैध रूप से रह रहे लोगों को चिन्हित कर वापस भेज रही हैं, जबकि बांग्लादेश सरकार इन कदमों पर आपत्ति जताते हुए इन्हें “जबरन धकेलने” की कार्रवाई बता रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

