लखनऊ. लखनऊ की एक महिला ने क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई और घरेलू क्रिकेटर मोहम्मद कैफ पर शादी का भरोसा देकर रेप और शादी से मुकरने के गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का दावा है कि दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. उसने आरोप लगाया कि शादी का भरोसा मिलने के बाद उसने दिल्ली की एयरलाइन कंपनी में अपनी केबिन क्रू की नौकरी तक छोड़ दी.
इसे भी पढ़ें- BRICS Summit 2026 : BRICS की साझा घोषणा अच्छी, लेकिन चीन से विवाद भी सुलझे- मायावती
महिला के मुताबिक, साल 2020 में इंस्टाग्राम पर उसकी कैफ से बातचीत शुरू हुई. अगस्त 2023 में कैफ ने कथित तौर पर शादी की इच्छा जताई. महिला ने उसे अपने तलाकशुदा होने और एक बेटे की जानकारी दी, लेकिन उसके अनुसार कैफ ने उसके अतीत को स्वीकार करने और शादी करने की बात कही. सितंबर 2023 में दोनों की पहली आमने-सामने मुलाकात गाजियाबाद में हुई.
अलग-अलग शहरों में मिलने का आरोप
महिला का आरोप है कि इसके बाद कैफ ने उसे दिल्ली और कोलकाता समेत अलग-अलग शहरों में बुलाया और शादी का भरोसा देता रहा. महिला ने दावा किया कि 11 अक्टूबर 2024 को बंगाल की रणजी टीम के लखनऊ दौरे के दौरान भी वह कैफ से मिली थी. उसके मुताबिक, कैफ ने IPL ऑक्शन के बाद शादी करने की बात कही थी.
पॉडकास्ट के बाद दोबारा संपर्क
महिला के अनुसार, जब कैफ ने बातचीत बंद की तो उसने अप्रैल 2026 में एक स्पोर्ट्स चैनल के पॉडकास्ट में अपनी बात रखी. उसका दावा है कि इसके करीब 10 दिन बाद कैफ ने फोन कर पॉडकास्ट हटाने को कहा और परिवार से बात कर शादी का भरोसा दिया. महिला के मुताबिक, इसके बाद उसे दोबारा कोलकाता बुलाया गया.
इसे भी पढ़ें- KCC कर्ज में यूपी नंबर-1, किसानों पर 1.40 लाख करोड़ का बकाया
DCP कार्यालय पहुंची महिला
महिला का कहना है कि उसने 31 अगस्त को आशियाना और 2 सितंबर को विभूतिखंड थाने में शिकायत दी, लेकिन FIR दर्ज नहीं हुई. इसके बाद 5 सितंबर को उसने DCP ईस्ट कार्यालय में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की. महिला ने कैफ के परिवार के एक सदस्य पर धमकी देने का आरोप भी लगाया है. शिकायत के बाद मामले की जांच ACP विभूतिखंड को सौंपी गई है और महिला के बयान दर्ज किए जा चुके हैं. आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.



