हिसार। हरियाणा में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही बारिश के बीच सोनीपत में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां जर्जर मकान की छत गिरने से कमरे में सो रही देवरानी और जेठानी की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

उधर, प्रदेश के कई जिलों में बुधवार को झमाझम बारिश हुई। सबसे अधिक गुरुग्राम में 94 मिमी, करनाल में 83 मिमी और बहादुरगढ़ में 78.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण कई शहरों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

आज 15 जिलों में बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार के लिए प्रदेश के 15 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई है। इनमें 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
करनाल
पानीपत
सोनीपत
झज्जर
गुरुग्राम
फरीदाबाद
इन जिलों में येलो अलर्ट
पंचकूला
अंबाला
यमुनानगर
चरखी दादरी
रोहतक
महेंद्रगढ़
रेवाड़ी
मेवात (नूंह)
पलवल


कई जिलों में जलभराव, जनजीवन प्रभावित

बुधवार को हुई भारी बारिश के चलते गुरुग्राम, करनाल, पलवल और चरखी दादरी सहित कई शहरों में सड़कों पर पानी भर गया। मौसम विभाग के अनुसार, हिसार, झज्जर और बहादुरगढ़ में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। अगले 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

बुधवार को प्रमुख जिलों में दर्ज हुई बारिश (मिलीमीटर में)
गुरुग्राम – 94 मिमी
करनाल – 83 मिमी
बहादुरगढ़ – 78.6 मिमी
पलवल – 56 मिमी
चरखी दादरी – 45 मिमी
यमुनानगर – 36 मिमी
भिवानी – 32.5 मिमी
जींद – 21.5 मिमी
अंबाला – 20 मिमी
कैथल – 15.5 मिमी
नारनौल – 13.5 मिमी
रोहतक – 9.8 मिमी
महेंद्रगढ़ – 9 मिमी
सोनीपत – 2.5 मिमी
मेवात (नूंह) – 2 मिमी (नूंह क्षेत्र में अलग से 33 मिमी वर्षा भी दर्ज की गई।)

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।