MP Weather Update: मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई हो चुकी है। प्रदेश में करीब 100 दिन मानसून सक्रिय रहा। इस बार 908.4 मिमी (35.8 इंच) बारिश हुई, जो कि सामान्य से 4 फीसदी कम है। 25 जिलों में कोटा फुल हुआ, जिसमें भोपाल, ग्वालियर, राजगढ़, कटनी शामिल है। एमपी में अगले चार दिन कहीं बारिश नहीं होगी, दिन में गर्मी और रात में ठंडक का एहसास होगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, 24 जून को मानसून की एंट्री हुई थी और 3 अक्टूबर को विदाई। मानसून इस बार 100 दिन सक्रिय रहा। दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान एमपी में कुल 908.4 मिमी यानी 35.8 इंच बारिश हुई। जो कि सामान्य बारिश 37.3 इंच (949.5 मिमी) की तुलना में 1.5 इंच कम है। वहीं ओवरऑल 4 प्रतिशत कम वर्षा हुई। पूर्वी हिस्से में 4 प्रतिशत ज्यादा और पश्चिमी हिस्से में औसत से 12 फीसद बारिश कम हुई है।

ये भी पढ़ें: MP Morning News: पांढुर्णा और मंडला दौरे पर सीएम डॉ मोहन, TET के विरोध में धरना जारी, असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा आज

यहां कोटा फुल, इन जिलों में कम गिरा पानी

प्रदेश के 25 जिलों में पानी का कोटा फुल हो गया है। जिसमें भोपाल, ग्वालियर, राजगढ़, कटनी, शहडोल, श्योपुर, सिंगरौली, सतना, सीधी, मऊगंज, अनूपपुर, उमरिया, बुरहानपुर, मंडला, खरगोन, डिंडोरी, दतिया, गुना, पन्ना, निवाड़ी, भिंड, मैहर, टीकमगढ़, आगर मालवा और छतरपुर शामिल है। वहीं 30 जिलों में कम वर्षा हुई, जिसमें इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, विदिशा, रीवा, रायसेन, सीहोर, सागर, सिवनी, शिवपुरी, शाजापुर, अशोकनगर, बालाघाट, मंदसौर, मुरैना, बैतूल, बड़वानी, खंडवा, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, नीमच, हरदा, झाबुआ, रतलाम, आलीराजपुर, धार, देवास, दमोह, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा शामिल हैं।

7 अक्टूबर को यहां बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, इस महीने दिन में गर्मी रहेगी, जबकि रात में ठंड का असर देखने को मिलेगा। ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे रहने का अनुमान है। अक्टूबर माह में रिमझिम बारिश का दौर जारी रहेगा। 7 अक्टूबर को पूर्वी हिस्से पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली में गरज-चमक, आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m