Bihar Crime: बिहार के शेखपुरा जिले में जहरीले पदार्थ का सेवन करने से मां-बेटी की मौत हो गई। मां-बेटी की मौत होने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, हर तरफ मातम और सन्नाटा पसर गया। पूरा मामला बरबीघा प्रखंड के गंगटी गांव का बताया जा रहा है। दिल को दहला देने वाली इस वारदात के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सास के साथ हुई थी कहासुनी

मिली जानकारी के अनुसार मृतक महिला विभा देवी का किसी बात को लेकर अपनी सास के साथ कहासुनी हुई थी। इस मामूली विवाद को लेकर विभा काफी गुस्से में थी। गुस्सा उसके उपर इतना हावी हो गया की उसने अपनी 6 महीने की मासूम बच्ची के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया।

परिजनों में मचा कोहराम

विभा और बच्ची के जहरीले पदार्थ खाने की सूचना मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोगों ने दोनों मां-बेटी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो पाए और मां-बेटी दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतका के पति रोहित के अनुसार उनकी मां और पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिससे नाराज होकर उनकी पत्नी ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

छानबीन में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई। विभा और बच्ची के मौत की खबर सुनकर मृतका के परिजन भी गांव पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में किसी भी पक्ष की तरफ से कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है, यदि आवेदन मिलता है, तो उसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो सकेगा।

ये भी पढ़ें- गोपालगंज में आपसी रंजिश में किसान की बेरहमी से हत्या, दियारा क्षेत्र में शव मिलने से सनसनी