लवकुश बैरागी, आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर-मालवा में उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर मंगलवार सुबह 6 बजे ग्राम रामाखेड़ी के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश नंबर की अर्टिगा कार खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस हादसे में कार में सवार मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

READ MORE: रफ्तार का कहर: बस ने स्कूल ऑटो को मारी टक्कर, 8 साल की छात्रा की मौत, छोटा भाई गंभीर

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस पायलट संदीप गोस्वामी और अमरीश तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौद पहुंचाया। हादसे में एक महिला वाहन में बुरी तरह फंस गई थी, जिसे निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

बड़ौद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। एनएचएआई की एंबुलेंस से दोनों मृत महिलाओं के शव शासकीय अस्पताल बड़ौद लाए गए। पुलिस ने बताया कि परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौद में डॉक्टर विजेंद्र चूड़िहार ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल आगर रेफर कर दिया गया है। 

READ MORE: सूरत से कानपुर जा रही बस में लगी भीषण आगः खिड़कियों के कांच तोड़कर कूदे यात्री, ड्राइवर फरार

मृतकों की पहचान सारिका (पत्नी श्यामलाल) और छवि (पुत्री श्यामलाल) के रूप में हुई है। घायलों में सूरजपाल, सचिन और श्याम शामिल हैं। सभी उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अर्टिगा चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका, जिसके कारण कार खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे के बाद कुछ समय तक फोरलेन पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m