संजय तिवारी, बलिया. रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के सराय भारती उर्फ मुस्तफाबाद गांव में मां-बेटी की हत्या से सनसनी फैल गई. 65 वर्षीय मानती देवी का शव घर के अंदर मिला, जबकि उनकी 22 वर्षीय दिव्यांग बेटी गौरी की लाश घर से करीब 30 मीटर दूर धान के खेत में पड़ी मिली. दोनों की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की बात सामने आई है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने वारदात की जांच के लिए कई टीमें गठित की हैं. घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है. पुलिस अधीक्षक ओमबीर सिंह ने बताया कि सुबह रसड़ा पुलिस को सराय भारती उर्फ मुस्तफाबाद में दो शव पड़े होने की सूचना मिली थी. सूचना पर पुलिस की सभी टीमें मौके पर पहुंचीं. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घर में तीन लोग रहते थे और मृतक गौरी दिव्यांग थी.

इसे भी पढ़ें : झांसी में 100 साल पुराने मंदिर में खजाना खोज रहा था गैंग, 5 पकड़े गए

एसपी के अनुसार, दोनों पर भारी वस्तु या धारदार हथियार से प्रहार किए जाने के निशान मिले हैं. पुलिस को घर के अंदर खून के निशान मिले हैं, जिन्हें धोकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किए जाने की आशंका है. गौरी का शव घर के पीछे करीब 30 मीटर दूर धान के खेत में मिला है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना से जुड़े सुराग मिलने और वारदात का खुलासा किए जाने की उम्मीद है.