झांसी. झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के रूंद करारी गांव में मंगलवार देर रात एक पुराने मंदिर में कथित तौर पर गड़ा खजाना तलाशने का मामला सामने आया. ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में मेटल डिटेक्टर से खुदाई कर रहे एक महिला समेत पांच लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने उनके पास से मेटल डिटेक्टर मशीन, कुल्हाड़ी और खुदाई के उपकरण बरामद किए हैं. कुछ अन्य आरोपी कार से मौके से फरार हो गए.

इसे भी पढ़ें- जीरो टॉलरेंस सिर्फ ‘जुमला’! तलवार लेकर घर में घुसे दबंग, हफ्ते भर बाद जागे कानून के रखवाले, योगी जी ये सुशासन है या कुशासन?

रात 2 बजे मंदिर में दिखी रोशनी

ग्रामीण कुंवरपाल राजपूत के मुताबिक, रात करीब 2 बजे उन्हें घर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित खाती बाबा मंदिर में टॉर्च की रोशनी दिखाई दी. काफी देर तक रोशनी दिखाई देने पर उन्हें शक हुआ. उन्होंने ग्राम प्रधान बादाम सिंह राजपूत को सूचना दी. इसके बाद ग्रामीणों ने मंदिर पहुंचकर घेराबंदी की.

पहले त्रयोदशी में आने की बताई बात

पकड़े गए लोगों ने शुरुआत में ग्रामीणों को बताया कि वे गांव में एक पुजारी की त्रयोदशी में शामिल होने आए हैं. पुजारी के परिजनों से पूछताछ में उनकी यह बात संदिग्ध लगी. ग्रामीणों के मुताबिक, पूछताछ के बाद आरोपियों ने मंदिर में गड़ा धन तलाशने के लिए करीब 60 किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश के डबरा से आने की बात स्वीकार की.

मेटल डिटेक्टर से कर रहे थे खुदाई

ग्राम प्रधान ने बताया कि खाती बाबा मंदिर करीब 100 साल पुराना है. आरोपी मंदिर के चबूतरे के पास मेटल डिटेक्टर चलाकर खुदाई कर रहे थे. ग्रामीणों ने एक महिला समेत पांच लोगों को पकड़ लिया, जबकि उनके कुछ साथी कार से भाग निकले. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है.

इसे भी पढ़ें- UP में बिना PUC नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल! पेट्रोल पंपों पर मोबाइल ऐप के जरिए जांच का अभ्यास

पुरातत्व अधिकारी ने खजाने की धारणा पर दी जानकारी

क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी राजीव कुमार त्रिवेदी ने कहा कि पुराने मंदिरों और किलों में खजाना दबे होने की धारणा के कारण लोग कई बार खुदाई कराने लगते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसी धारणा सही नहीं है और प्राचीन मंदिरों व किलों को नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए. सीपरी बाजार पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है.