पंकज श्रीवास्तव, सारण। जिले के परसा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 8 खोजौली गांव में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां बैंगन के खेत में सिंचाई के दौरान करंट की चपेट में आने से मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। मृतकों की पहचान डेरनी थाना क्षेत्र के खजौली निवासी जयप्रकाश सिंह उर्फ साधु की 45 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी और उनके 14 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है।
जय प्रकाश सिंह ने कहा कि घर से कुछ दूरी पर परसा थाना क्षेत्र के शोभे परसा गांव के समीप बैंगन की खेती किया था। बुधवार की सुबह पत्नी और पुत्र खेत में पानी पटाने गई थीं। खेत में शोभेपरसा के एक व्यक्ति की मोटर से पानी दिया जा रहा था। उन्होंने कहा कि मोटर के तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। पानी पटाने (सिंचाई) के दौरान पहले 14 वर्षीय राहुल कुमार करंट की चपेट में आ गया।
बेटे को करंट में फंसा देख मां रिंकू देवी उसे बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी बिजली की चपेट में आ गई और दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका की पुत्री प्रिया कुमारी, पुत्र विनय कुमार,ससुर भूटेली सिंह, सास शैल देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों और पति जयप्रकाश सिंह, पूर्व वार्ड पार्षद शिव कुमार सिंह द्वारा दोनों को आनन-फानन में सरकारी अस्पताल परसा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परसा थानाध्यक्ष ओम प्रकाश और डेरनी थाना के एसआई त्रिपुरारी सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है।एक साथ मां-बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ये भी पढ़ें- जमुई और समस्तीपुर में बेटियों के साथ जो हुआ, उसका सबसे बड़ा अपराधी ज्ञानेश कुमार- पप्पू यादव


