Bihar News: एसआईआर और दोनों चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की आपत्ति व असहमति की रिपोर्ट वाली खबर को लेकर पूरा विपक्ष चुनाव आयोग पर हमलावर है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बीजेपी के लिए काम करने का आरोप लगा रहा है। इस बीच पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भी ज्ञानेश कुमार पर जमकर हमला बोला है।
ज्ञानेश कुमार को बताया देश का दुश्मन
पप्पू यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ज्ञानेश गुप्ता (कुमार) इस देश का दुश्मन है। बिहार में जमुई से लेकर समस्तीपुर तक बेटियों के साथ से जो अपराध हो रहे हैं, उनका सबसे बड़ा अपराधी यही ज्ञानेश है। सांसद ने कहा कि उसने वोट डकैती कर लुटेरी सरकार को सत्ता में बिठा दिया है, जो बेटियों के साथ जुल्म को छुटपुट, छोटी-मोटी घटना, मोरल पुलिसिंग की गलती समझती है।
बिहार में हालात अच्छे नहीं- सांसद
वहीं, पटना में मीडिया से बात करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि, क्या कहीं भी हमारी बेटियां सुरक्षित हैं? आज बिहार में सबसे बड़ा सवाल है बेटियों और मां-बहनों की सुरक्षा। आज बिहार में युवा सभी नशीले पदार्थों का सेवन कर चुके हैं। क्या बिहार से इन नशीले पदार्थों का खात्मा होगा? उन्होंने कहा कि, हालात अच्छे नहीं है।
श्रेयसी सिंह ने कही थी मोरल पुलिसिंग की बात
बता दें कि जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ और बदसलूकी की घटनाओं पर बिहार सरकार में मंत्री और जमुई विधायक श्रेयसी सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा था कि, मोरल पुलिसिंग को सभ्य और शालीन तरीके से किया जा सकता है। हालांकि बाद में उन्होंने कहा था कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। वहीं, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने जमुई की घटना को छिटपुट घटना बताया था। इन दोनों नेताओं को अपने बयान के लिए काफी आलोचना का भी सामना करना पड़ा था।
तेजस्वी बोले- बंगाल और बिहार में फिर से हो चुनाव
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एसआईआर और चुनाव आयोग में दोनों आयुक्तों की असहमति और आपत्ति वाली रिपोर्ट पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कई आरोप लगाए थे। तेजस्वी ने कहा था कि बीजेपी देश के संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह देश को बर्बाद कर रहे हैं। CEC को बीजेपी का संरक्षण प्राप्त है और चुनाव आयोग मनमाने ढंग से बीजेपी के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि RJD शुरू से SIR का मुद्दा उठाता रहा है, लेकिन चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चुप हैं।
तेजस्वी ने कहा, “ज्ञानेश जी प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नमूना हैं। ज्ञानेश जी से पहले मोदी-अमित शाह को जनता हटाएगी।” तेजस्वी ने चुनाव आयोग को “कठपुतली” बताते हुए कहा कि, “बिहार-बंगाल का चुनाव फर्जीवाड़ा है, यहां दोबारा चुनाव कराया जाए।”
ये भी पढ़ें- ‘एक खून माफ होता, तो ज्ञानेश कुमार को गोली मार देते’, SIR विवाद के बीच मुकेश सहनी का बड़ा बयान


