कृष्ण कुमार सैनी , सोनीपत।फोन की घंटी बजती थी और घर का माहौल डर में बदल जाता था। एक मां लगातार सहम रही थी। कभी बच्चों को लेकर धमकी, कभी परिवार खत्म करने की बात। धीरे-धीरे डर इतना बढ़ा कि उसने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया।
घर के अंदर उस रात चीख-पुकार मच गई। मां ने पहले अपने तीन मासूम बच्चों को जहरीला पदार्थ दिया और फिर खुद भी निगल लिया। कुछ देर बाद बच्चों की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन घबरा गए। आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
दिल दहला देने वाली यह घटना हरियाणा के Sonipat के खरखौदा क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि महिला लंबे समय से एक युवक की धमकियों से परेशान थी।
आरोप है कि युवक उसे बार-बार फोन कर अपने साथ चलने का दबाव बना रहा था। मना करने पर बच्चों समेत पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इसी तनाव में आकर महिला ने अपनी 13 वर्षीय और 7 वर्षीय बेटियों के साथ 3 वर्षीय बेटे को जहर दिया और खुद भी खा लिया।
अस्पताल में इलाज के दौरान 3 साल के मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला और उसकी दोनों बेटियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, महिला की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज किया जा चुका था। वहीं अब इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

