सोहराब आलम, मोतिहारी। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और मोतिहारी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रमोद कुमार ने कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। मोतिहारी कोर्ट परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने राहुल गांधी की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाए और उन्हें पूरी तरह से मेंटली डिफेक्ट करार दिया।
एजेंडा विहीन प्रोपगंडा फैला रहे हैं राहुल गांधी
प्रमोद कुमार ने राहुल गांधी की राजनीतिक कार्यशैली की कड़े शब्दों में आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता के पास देश के विकास के लिए कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं बचा है। यही वजह है कि वह केवल प्रोपगंडा और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं। बीजेपी विधायक ने दावा किया कि भारत की जागरूक जनता अब उनकी इस राजनीतिक चालबाज़ी को अच्छी तरह समझ चुकी है और उनके बहकावे में आने वाली नहीं है।
शॉर्टकट से सत्ता में आने की कोशिश नहीं होगी कामयाब
सत्ता में वापसी की कोशिशों पर तंज कसते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी शॉर्टकट या चोर रास्ते से सत्ता तक पहुंचने का सपना देख रहे हैं, लेकिन भारतीय लोकतंत्र में यह संभव नहीं है। देश की राजनीति में केवल वही जगह बना सकता है जो सामने आकर जनता के बीच काम करे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो नेता फ्रंट पर रहकर जनता और देश के लिए ईमानदारी से काम करेगा, वही देश पर राज करेगा।
कोर्ट परिसर में मातृ शक्ति सम्मान समारोह के दौरान दी प्रतिक्रिया
यह पूरा घटनाक्रम मोतिहारी कोर्ट परिसर का है, जहां बीजेपी विधि प्रकोष्ठ की ओर से ‘मातृ शक्ति सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया था। इस खास कार्यक्रम में महिला अधिवक्ताओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित करने के लिए प्रमोद कुमार बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। कार्यक्रम के समाप्त होने के बाद मीडियाकर्मियों ने जब उनसे देश के ताजा राजनीतिक घटनाक्रमों पर सवाल पूछा, तो उन्होंने राहुल गांधी पर यह बेबाक बयान दिया।

