सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां हरिसिद्धि थाना क्षेत्र में एक पति-पत्नी का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना हरसिद्धि थाना क्षेत्र के हरपुर राय गांव की है। बताया जा रहा है कि दोनों ने एक वर्ष पहले घर से भागकर प्रेम विवाह किया था।
फंदे से लटका हुआ शव बरामद
मृतकों की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के हरपुर पकड़ी गांव निवासी परवेज आलम और उसकी पत्नी सोनी खातून के रूप में हुई है। सोनी खातून मूल रूप से मलाही थाना क्षेत्र के सिकटिया गांव की रहने वाली थी। घटना की सूचना मिलने के बाद हरसिद्धि थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव को बेड से बरामद किया।
परिवार के खिलाफ जाकर किया था प्रेम विवाह
स्थानीय लोगों के अनुसार, परवेज आलम और सोनी खातून ने लगभग एक साल पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया था। दोनों हरपुर राय में रह रहे थे। रविवार को दोनों का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार दोनों का शव फंदे से लटका हुआ था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया है और जांच शुरू कर दी है।
सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच
घटना के संबंध में हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि एक पति-पत्नी का शव बरामद किया गया है। परिजनों के अनुसार दोनों का शव फंदे से लटका हुआ था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
ये भी पढ़ें- ‘हम तुम्हारी गोली और गाली से नहीं डरते’, जेपी जयंती पर तेजस्वी यादव का केंद्र पर हमला

