सोहराब आलम/मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के डुमरिया घाट थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ गांव के ही एक 22 वर्षीय युवक द्वारा बलात्कार किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश और भय का माहौल पैदा कर दिया है।
शादी समारोह से उठाकर ले गया दरिंदा
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की रात गांव में एक शादी का माहौल था। पीड़िता भी बारात देखने के लिए बाहर गई थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला 22 वर्षीय आरोपी युवक मौका पाकर बच्ची को उठा ले गया और किसी सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ हैवानियत की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि सदमे में और रोती-बिलखती मासूम किसी तरह अपने घर पहुंची।
परिजनों को आपबीती सुनाते ही मच गया हड़कंप
घर पहुंचने के बाद बच्ची ने जब अपने परिजनों को आपबीती बताई, तो उनके होश उड़ गए। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय डुमरिया घाट थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई। पुलिस ने तुरंत पीड़िता को इलाज और मेडिकल जांच के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की तलाश
घटना की गंभीरता को देखते हुए डुमरिया घाट थानाध्यक्ष विवेक ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
इस वीभत्स घटना ने एक बार फिर समाज में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को सजा दिलाई जा सके। क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और पूरे गांव में इस घटना को लेकर सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ज्यादा दूर नहीं भाग पाएगा।

