सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले के सुगौली प्रखंड के शुकुल पाकड़ पंचायत स्थित पंचायत भवन में आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम उस समय विवादों में घिर गया, जब भाजपा युवा नेता और सुकुल पाकड़ पंचायत की कार्यपालक सहायक स्नेहा कुमारी के बीच तीखी बहस हो गई।

विधायक का नाम लेकर दबाव बनाने का प्रयास

कार्यक्रम के दौरान हुए इस घटनाक्रम से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और उपस्थित लोगों को बीच-बचाव करना पड़ा। इस वायरल वीडियो को लेकर पत्रकारों द्वारा फोन पर पूछें जाने पर कार्यपालक सहायक स्नेहा कुमारी ने आरोप लगाते हुए बताया कि युवा नेता ने स्थानीय विधायक का नाम लेकर दबाव बनाने का प्रयास किया तथा उत्तरी सुगांव पंचायत का जन्म प्रमाण पत्र और उससे संबंधित शपथ पत्र (एफिडेविट) तत्काल बनाने की जिद करने लगे।

पंचायत सरकार भवन का चैनल गेट किया बंद

उन्होंने बताया कि, युवा नेता संबंधित अधिकारियों को बुलाने की धमकी देते हुए पंचायत सरकार भवन का चैनल गेट भी कुछ देर के लिए बंद कर नहीं जाने की धमकी भी देने लगा। उन्होंने कहा कि, जब नियमानुसार कार्य करने की बात कहते हुए उन्होंने ऐसा करने से इंकार किया, तो युवक आक्रोशित हो गया और उनके साथ बहस करने लगा। इसके बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित कर दिया गया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

ये भी पढ़ें- मधुबनी के सभी पंचायतों में मना ‘पंचायत विकास दिवस’, लेशी सिंह ने महिला हितैषी पंचायत पर दिया जोर