सोहराब आलम, मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले के मोतिहारी अंतर्गत पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में हुए दोहरे हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मवेशी को नहलाने के दौरान गिरे पानी के मामूली विवाद को लेकर हुई खूनी झड़प में देवर और भौजाई की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। इस दर्दनाक घटना में जमी अहमद और मनीना खातून की जान चली गई, जिससे पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है और लगातार न्याय की गुहार लगा रहा है।

​राजद प्रतिनिधिमंडल का दौरा और तेजस्वी यादव का वीडियो कॉल

​इस दोहरे हत्याकांड के तूल पकड़ने के बाद मामला पूरी तरह राजनीतिक रंग लेता दिख रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिलाध्यक्ष मनोज यादव के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को जिहुली गांव पहुंचा और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की बात वीडियो कॉल के जरिए पीड़ित परिवार से कराई।
​वीडियो कॉल पर मृतका जमी अहमद की पत्नी बुरी तरह फफक पड़ी और रोते हुए तेजस्वी यादव से गुहार लगाई कि हुजूर मेरे पति को चाकू मारकर हत्या कर दी है, मुझे न्याय दिला दीजिए। इस दौरान तेजस्वी यादव ने परिजनों को सांत्वना दी और पूरी मजबूती के साथ न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को प्रमुखता से उठाएंगे और इसी उद्देश्य से उन्होंने अपने प्रतिनिधियों को गांव भेजा है। बातचीत के दौरान मृतका मनीना खातून की बेटी ने भावुक होकर तेजस्वी से खुद गांव आने का आग्रह किया, जिस पर उन्होंने जल्द ही मिलने का भरोसा दिया है।

​प्रशासन की विफलता और पुलिस की कार्रवाई

​राजद जिलाध्यक्ष मनोज यादव ने इस घटना को पूरी तरह जिला प्रशासन की विफलता करार दिया है। उन्होंने कहा कि मामूली बात पर दो लोगों की हत्या हो जाना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि अपराधियों के मन से पुलिस और कानून का खौफ पूरी तरह समाप्त हो चुका है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सभी फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित सुरक्षा और मुआवजा प्रदान किया जाए।
​दूसरी ओर, पताही थानाध्यक्ष बबन कुमार ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बाकी बचे आरोपियों की धर-पकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और उन्हें भी जल्द ही कानून के शिकंजे में ले लिया जाएगा।