सोहराब आलम/पताही/मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले के पताही प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में सुरक्षा और मर्यादा को तार-तार करने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। अस्पताल परिसर में तैनात एक महिला सुरक्षा गार्ड के साथ कथित छेड़खानी का मामला सामने आया है, जिसके बाद आक्रोशित महिला ने आरोपी को सबक सिखाते हुए उसकी धुनाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है।

​क्या है पूरा मामला?

​मिली जानकारी के अनुसार आरोपी युवक की पहचान अस्पताल में ही एम्बुलेंस सहायक के पद पर तैनात शुभम कुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि शुभम पिछले काफी समय से ड्यूटी पर तैनात महिला सुरक्षा गार्ड पर अभद्र टिप्पणियां कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था। महिला गार्ड द्वारा बार-बार मना किए जाने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।
​घटना वाले दिन जब महिला गार्ड अपनी ड्यूटी निभा रही थी आरोपी ने फिर से उसके साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया और फब्तियां कसीं। इससे महिला गार्ड का धैर्य जवाब दे गया और उसने इसका कड़ा विरोध किया। विरोध के दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में तब्दील हो गई।

​वायरल वीडियो में दिखा महिला का रौद्र रूप

​गुस्साई महिला गार्ड ने मौके पर ही आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी लात-घूंसों और चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। मौजूद लोगों में से किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया जो अब इंटरनेट पर वायरल हो गया है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह महिला गार्ड अपनी सुरक्षा और सम्मान के लिए आरोपी पर टूट पड़ी। इस घटना के बाद अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा।

​पुलिस और प्रशासन की प्रतिक्रिया

​घटना के संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। अस्पताल प्रशासन ने भी इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। हालांकि चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय पुलिस का कहना है कि जैसे ही पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त होगी मामले की गहनता से जांच की जाएगी और साक्ष्यों (वीडियो) के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।