सोहराब आलम, मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) में कुख्यात अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में पुलिस ने छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर स्थित एक भू-माफिया के घर पर छापेमारी की है। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी, हथियार, कारतूस और जमीन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। वहीं, मौके से भू-माफिया राकेश शर्मा के बेटे साहिल शर्मा को गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी

मिली जानकारी के अनुसार, एसपी स्वर्ण प्रभात को गुप्त सूचना मिली थी कि उसके (राकेश शर्मा) घर में अवैध हथियार और जमीन के फर्जी दस्तावेज रखे गए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। सूचना के आधार पर रात करीब 12 बजे 10 गाड़ियों से तीन डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम छापेमारी करने पहुंची। करीब चार घंटे तक चली इस छापेमारी में पुलिस ने हर बिंदु की गहनता से जांच की।

27 लाख नकद कैश और हथियार बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2 राइफल, 2 पिस्टल, करीब 100 कारतूस, 6 ब्रांडेड शराब की बोतलें, 65 से अधिक जमीन की रजिस्ट्री डीड के कागजात जिनका मूल्य 15 करोड़ से अधिक बताया जा रहा है और 27 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार राकेश शर्मा लंबे समय से जमीन के अवैध कारोबार में सक्रिय था। उस पर जमीन पर कब्जा, फर्जी रजिस्ट्री और लोगों को धमकाने के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसकी गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रख रही थी।

पुलिस ने भू-माफिया के बेटे को हिरासत में लिया

छापेमारी के दौरान राकेश शर्मा घर पर नहीं मिला, लेकिन उसका बेटा साहिल शर्मा मौजूद था, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद हथियार लाइसेंसी हैं या अवैध। वहीं बरामद जमीन के कागजातों की भी सत्यता जांची जा रही है।

राकेश शर्मा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और फरार भू-माफिया राकेश शर्मा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से जिले के भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। बरामद हथियारों, कारतूसों, नकदी और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।

ये भी पढ़ें- बिहार में सुबह-सुबह दर्दनाक हादसा: पूजा कर लौट रही दो बच्चियों को ट्रक ने कुचला, दोनों की मौत