सोहराब आलम/मोतिहारी। जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। रक्सौल थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी के साथ उसके चचेरे भाई ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

​खाली रास्ते का फायदा उठाकर किया अपहरण

​घटना गुरुवार शाम करीब सात से साढ़े सात बजे के बीच की है। पीड़िता की मां के अनुसार, उनकी बेटी गोवास (पशुशाला) से अपने घर लौट रही थी। घर और गोवास के बीच के सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर आरोपियों ने किशोरी को दबोच लिया और उसे एक एकांत स्थान पर ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

​विरोध करने पर दरिंदगी: शरीर को दांतों से काटा

​पीड़िता ने जब इस घृणित कृत्य का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। दरिंदगी का आलम यह था कि आरोपियों ने किशोरी के होंठ, छाती और उंगलियों पर अपने दांतों से काटकर उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। किशोरी की चीख सुनकर जब उसका भाई मौके पर पहुंचा, तब तक सभी आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। परिजन घायल किशोरी को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए ले गए और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच

​घटना के बाद जब परिजन आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे, तो वहां भी आरोपियों के पक्ष के लोग मारपीट पर उतारू हो गए। इसके तत्काल बाद पुलिस को सूचित किया गया। रक्सौल थानाध्यक्ष, प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर चार से पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

​अस्पताल में भर्ती है पीड़िता

​गंभीर रूप से घायल किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।