सोहराब आलम, मोतिहारी। जिला पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। रक्सौल में नोट बदलने वाले गिरोह के खिलाफ रक्सौल थानाध्यक्ष आईपीएस हेमंत कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ की मदद से सब्जी मंडी क्षेत्र में छापेमारी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में 18 लाख नेपाली मुद्रा और 13 लाख भारतीय रुपये बरामद किए हैं।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि पूर्व में पुलिस द्वारा की गई सख्त कार्रवाई के बाद नोट बदलने वाले गिरोह की गतिविधियों में कमी आई थी, लेकिन गिरोह के सदस्य छिप-छिपाकर कमीशन के आधार पर अवैध रूप से नोट बदलने का काम कर रहे थे।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। लगातार पुलिस कार्रवाई से ऐसे अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें- निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 16 हजार का घूस लेते राजस्व कर्मचारी और दलाल गिरफ्तार

