Bihar Crime: बिहार के सहरसा जिले में आज बुधवार 20 मई को भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने महिषी अंचल कार्यालय में तैनात एक राजस्व कर्मचारी और उसके कथित दलाल को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय सहित पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। गिरफ्तार युवक की पहचान बेलाही एवं सिरवार वीरवार हल्का के राजस्व कर्मचारी श्याम प्रसाद सिंह और महिषी थाना क्षेत्र निवासी फुलचंद साह (दलाल) के रूप में हुई है। निगरानी टीम ने दोनों को 16,000 रुपये घूस लेते हुए पकड़ा गया है।
जमीन की रसीद काटने के नाम पर मांगी घूस
निगरानी टीम ने यह कार्रवाई जलई थाना क्षेत्र के मनौर गांव निवासी मोहम्मद हयात की शिकायत के आधार पर की है। पीड़ित ने विशेष निगरानी इकाई को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनकी जमीन की रसीद काटने के एवज में राजस्व कर्मचारी और उसके सहयोगी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। पैसे नहीं देने पर उनका काम जानबूझकर लंबित रखा गया और साफ तौर पर मना कर दिया गया।
संबंधित धाराओं में दर्ज हुआ मामला
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने मामले की जांच की तो आरोप सही पाए गए, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। इस बीच जैसे ही आरोपी रिश्वत की रकम ले रहा था, निगरानी टीम ने तत्काल दोनों को रंगे हाथ दबोच लिया। निगरानी टीम ने भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा 7 और BNS 2023 की धारा 61(2)(a) के तहत मामला दर्ज किया है।
आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस
अपर पुलिस महानिदेशक (विशेष निगरानी इकाई) पंकज कुमार दाराद ने बताया कि, गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कल 21 मई 2026 को दोनों को पटना स्थित विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- प्रेम-प्रसंग में युवक की गोली मारकर हत्या, लड़की के चाचा ने दी थी जान से मारने की धमकी

