सोहराब आलम, मोतिहारी। बंजरिया थाना क्षेत्र के एनएच-28A पर आज गुरुवार की देर शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दरअसल सिंघिया गुमटी रेलवे ओवरब्रिज के समीप सिंघिया सागर गांव के पास रिफाइन तेल से लदे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रक का अगला हिस्सा धू-धू कर जलने लगा।

जानकारी के अनुसार, ट्रक नेपाल के बीरगंज से रिफाइन लेकर झारखंड के धनबाद और बोकारो जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई। हालांकि, इस दौरान चालक का हाथ झुलस गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 और थाने को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल विभाग को सूचित किया। इसके बाद दो दमकल गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक ट्रक का केबिन और अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

घायल चालक की पहचान पश्चिम चंपारण के बेतिया स्थित बानू छापर निवासी सुजीत कुमार के रूप में हुई है। उसका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

ये भी पढ़ें- छपरा में रफ्तार का कहर! डायवर्सन से टकराकर पलटी KTM, बाइक सवार की मौके पर मौत