सोहराब आलम/मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र से एक विचलित कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पचखरवा गांव में एक पति ने अपनी पत्नी को रस्सी से बांधकर खंभे से जकड़ दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना का विवरण
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला, जिसकी पहचान पचखरवा गांव निवासी विजय गिरी की पत्नी शोभा देवी के रूप में हुई है, को निर्दयतापूर्वक खंभे से बांधकर रखा गया है। उसके हाथ-पांव रस्सी से कस दिए गए थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम फौरन घटनास्थल पर पहुंची और महिला को बंधनमुक्त कराया।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता शोभा देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति का व्यवहार लंबे समय से ठीक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति न तो उनसे बात करते हैं और न ही उनके हाथ का बना खाना खाते हैं। इन घरेलू कलह और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर जब शोभा देवी ने घर छोड़कर अपने मायके जाने का निर्णय लिया, तो उनके पति विजय गिरी आपा खो बैठे और उन्होंने उन्हें जबरन रस्सी से बांध दिया।
आरोपी पति की सफाई
दूसरी ओर, आरोपी पति विजय गिरी ने अपने बचाव में अलग तर्क दिए हैं। विजय का कहना है कि उनके और शोभा देवी के बीच पहले से ही कोर्ट में वैवाहिक विवाद चल रहा है। विजय ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी बिना बताए अक्सर घर से भाग जाती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पहले भी जब पत्नी घर से निकली थी, तो उन्होंने डायल 112 को सूचित किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। विजय के अनुसार, इस बार किसी अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने पत्नी को बांधकर स्वयं पुलिस को सूचना दी, ताकि
कोई बड़ा हादसा न हो सके।
पुलिस की कार्रवाई और स्थिति
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों पक्षों की बात सुनी और घटना की गंभीरता को देखते हुए महिला के पिता को भी वहां बुलाया। पुलिस की मौजूदगी में महिला को बंधनमुक्त किया गया। वर्तमान में पुलिस दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामले को शांत कराने की कोशिश कर रही है। हालांकि, यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल, स्थानीय पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

