अजयारविंद नामदेव, शहडोल/अनूपपुर। 24 ईवीएम मशीन गायब होने के मामले ने अनूपपुर की सियासत में भी गर्मी बढ़ा दी है। मशीनें कहां गईं, इसका जवाब जांच में तलाशा जा रहा है, लेकिन इस बीच कांग्रेस का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। हाथों में EVM चोर गद्दी छोड़ के बैनर और जुबां पर तीखे सवाल लेकर कांग्रेसी सड़क पर उतरे और सरकार-सत्ता पक्ष को घेरते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। अब सवाल सिर्फ 24 ईवीएम का नहीं, सवाल उस सिस्टम की निगरानी का है, जहां इतनी संवेदनशील निर्वाचन सामग्री आखिर कम कैसे हो गई?

देशभर में ईवीएम को लेकर जारी बहस के बीच मध्यप्रदेश के अनूपपुर से निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। पुराने तहसील कार्यालय के पीछे बने EVM वेयरहाउस के सत्यापन में 24 मशीनें कम मिली हैं, जिनमें 8 बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट शामिल बताई जा रही हैं। मामला सामने आते ही सियासी पारा चढ़ गया और कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए।

ये भी पढ़ें: आखिर कहां गई EVM मशीन ? देशभर में ईवीएम पर बहस, इधर अनूपपुर में 24 मशीनें गायब

टाइमलाइन से खड़े हुए कई सवाल

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने EVM चोर गद्दी छोड़ जैसे बैनर लेकर प्रदर्शन किया और सरकार तथा प्रशासन को घेरते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। कांग्रेस जिला अध्यक्ष गुड्डू सिंह चौहान ने कहा कि ईवीएम को लेकर सामने आए सवालों का जवाब जांच के जरिए जनता के सामने आना चाहिए। मामले की टाइमलाइन भी कई सवाल खड़े कर रही है। जानकारी के मुताबिक, 20 अगस्त को ठेकेदार ने खुले में पड़ी EVM मशीनों की सूचना तत्कालीन SDM को दी थी। बताया गया कि मौके पर अधिकारी पहुंचे भी थे। इसी दौरान पुराने वेयरहाउस की पिछली दीवार टूटे होने की बात भी सामने आई थी।

चुनाव परिणाम प्रभावित करने की पुष्टि नहीं

इसके बाद 21 सितंबर को मशीनों को पुराने परिसर से नए तहसील कार्यालय में शिफ्ट किया गया। फिर 24 से 28 सितंबर के बीच हुए सत्यापन में 24 EVM मशीनें कम पाई गईं। इसके बाद अनूपपुर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मशीनों के सीरियल नंबर, स्टॉक रजिस्टर और संबंधित रिकॉर्ड खंगाल रही है। हालांकि, अभी तक EVM से छेड़छाड़ या किसी चुनाव परिणाम को प्रभावित किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।

कांग्रेस बोली- वोट और जनादेश सर्वोपरि

वहीं इस मामले को आड़े हाथों लेते हुए जिला अध्यक्ष, कांग्रेस कमेटी, अनूपपुर गुड्डू सिंह चौहान का कहना है कि EVM को लेकर अनूपपुर में जो सवाल और शंकाएं सामने आई हैं, उनका निष्पक्ष जांच के जरिए जवाब मिलना चाहिए। लोकतंत्र में जनता के वोट और जनादेश की पवित्रता सर्वोपरि है। कांग्रेस किसी भी तरह की अनियमितता को लेकर चुप नहीं बैठेगी। मांग करते हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और सच्चाई जनता के सामने लाई जाए। जब तक सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं मिलता, कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m