राकेश चतुर्वेदी, अशोकनगर/भोपाल। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में बिजली कटौती से त्रस्त किसानों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच पर्याप्त बिजली न मिलने से नाराज सैकड़ों अन्नदाताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और चक्काजाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
यह पूरा मामला जिले के तरावली क्षेत्र का है। प्रदर्शनकारी किसानों का सीधा आरोप है कि इस तपती गर्मी में उन्हें महज 2 घंटे बिजली दी जा रही है। ऐसे में न तो खेतों की सिंचाई हो पा रही है और न ही मवेशियों के लिए पानी का इंतजाम हो पा रहा है। किसानों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और साफ कहा कि जब तक विभाग के बड़े अधिकारी मौके पर आकर समस्या का स्थायी समाधान नहीं करते, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा।
ये भी पढ़ें: MP में गर्मी का तांडव: नौतपा आने से पहले कई जिलों में लू का कहर, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
आपको बता दें कि इस समय मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का सिलसिला जारी है। प्रदेश का तापमान 46 डिग्री पहुंच गया है। गुरुवार को छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि मुरैना में 45 डिग्री रहा। सतना, रीवा, बालाघाट, मंडला, दतिया, उमरिया, दमोह, टीकमगढ़ में पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से लोग बेहाल है।

