संजय पाटीदार, भोपाल। रिटायर्ड आईएएस (IAS) राकेश अग्रवाल हत्याकांड के आरोपी ने बड़ा खुलासा किया है। पूछताछ में बताया कि तानों और अपमान से कुंठित होकर बेरहमी से हत्या की थी। कत्ल के बाद घर को उड़ाने का इंतजाम किया था। आरोपी एमपी, यूपी, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के शहरों में फरारी काट रहा था। इस दौरान कबाड़ बेचकर गुजारा किया और फुटपाथ पर सोया। हर दो दिन में अपना ठिकाना बदल रहा था।
पूर्व आईएएस (IAS) राकेश अग्रवाल हत्याकांड के आरोपी वरुण कुमार ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल किया है। उसने पुलिस को बताया कि IAS की नेम प्लेट देखकर नौकरी ज्वाइन की थी। शुरू में रुपए लूटने के इरादे से आया था। हत्या के दिन रात 12 बजे अग्रवाल ने वरुण को आखिरी बार डांटा था। दवा देने में देर होने पर पूर्व IAS ने दफा होने को कहा था। इसके 2 घंटे बाद मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने बताया कि तानों और अपमान से कुंठित होकर राकेश अग्रवाल की हत्या की थी।
ये भी पढ़ें: रिटायर्ड IAS हत्याकांड में बड़ा एक्शन: भोपाल में आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, आगरा से गिरफ्तारी के बाद भागने की कोशिश में लगी गोली
हर दो दिन में बदल रहा था ठिकाना, कई शहरों में काटी फरारी
इतना ही नहीं आरोपी ने पूछताछ में कहा कि IAS ब्रांड है, इसलिए मारा, भागता नहीं तो अपराधी कैसे बनता। वहीं कत्ल करने के बाद वरुण सुबह 4:12 बजे केरल एक्सप्रेस से भाग निकला था। हत्या के बाद घर को उड़ाने का इंतजाम कर के गया था। वरुण ने राकेश अग्रवाल के घर की सिलेंडर की पाइप काट दी थी और कपड़े पर चालू प्रेस छोड़ दिया था, ताकि सिलेंडर फट जाए। वरुण ग्वालियर से पहले आगरा, मथुरा, वृंदावन होते हुए दिल्ली गया। फिर दिल्ली से हरिद्वार, नैनीताल, ऋषिकेश और मनाली भी गया था। वह हर दो दिन में ठिकाने बदलता रहा। फरारी के दौरान कबाड़ बेचकर गुजारा किया फुटपाथ पर सोया।
घर पर पूर्व आईएएस अफसर की हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 30 सितंबर को भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सूरजनगर निवासी रिटायर्ड आईएएस अफसर राकेश अग्रवाल की हत्या कर दी गई थी। वे अपनी पत्नी के साथ रहते थे। उन्होंने वारदात से दो दिन पहले घर पर वरुण कुमार को नौकर रखा था। हत्या के बाद से वरुण गायब था। वरुण कुमार अपने साथ राकेश अग्रवाल का मोबाइल फोन भी ले गया था। वह बार-बार मोबाइल ऑन-ऑफ कर पुलिस को चकमा दे रहा था।
आगरा से पकड़ाया, भागने के दौरान हुआ शॉर्ट एनकाउंटर
पुलिस लगातार जगह-जगह दबिश दे रही थी। आरोपी को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार किया था। भोपाल के रातीबड़ थाना प्रभारी समेत 3 पुलिसकर्मियों की टीम आगरा से आरोपी को ला रही थी। इसी दौरान तड़के सुबह करीब 4:45 से 5 बजे के बीच मुगलिया छाप के पास पुलिस की गिरफ्त से भागने की कोशिश की। पुलिस और आरोपी के बीच झूमाझटकी हुई। जिसके बाद उसका शॉर्ट एनकाउंटर किया। फिलहाल घायल आरोपी का भोपाल के हमीदिया अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होते ही पुलिस सीन रिक्रिएट कराएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

