संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में पोस्टमार्टम दोबारा कराने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली एम्स की चार सदस्यीय वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम अत्याधुनिक उपकरणों के साथ भोपाल पहुंच गई है। आज रविवार को भोपाल एम्स में मृतका ट्विशा शर्मा का पीएम-2 किया जाएगा।
जबलपुर हाईकोर्ट ने परिजनों की याचिका पर वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ दोबारा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए हैं। यही वजह है कि पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी और पोस्टमार्टम परिजनों की मौजूदगी में होगा। इधर, ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है और सोमवार को चीफ जस्टिस की बेंच में सुनवाई होगी।
ये भी पढ़ें: Twisha Sharma Death Case: 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया पति समर्थ सिंह, कोर्ट ने पासपोर्ट जब्त करने के दिए निर्देश
ये है पूरा मामला
गौरतलब है कि 11-12 मई की रात ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का प्रारंभिक कारण फांसी बताया गया था, लेकिन परिजनों ने रिपोर्ट पर सवाल खड़े किए थे। उनका आरोप है कि मृतका के शरीर पर मौजूद चोट के निशानों का जिक्र पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं किया गया। इसके साथ ही परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही और मामले में आरोपी पक्ष, खासतौर पर सास गिरिबाला सिंह के रसूख के चलते जांच प्रभावित होने के आरोप भी लगाए थे।
ये भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा केस: भोपाल पुलिस कमिश्नर बोले- AIIMS में होगा दोबारा पोस्टमार्टम, आरोपी समर्थ को शरण देने वालों पर भी होगी कार्रवाई
इस मामले को लेकर परिवार लगातार निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग कर रहा था। परिजनों ने अब तक ट्विशा का अंतिम संस्कार भी नहीं किया है और शव पिछले 12 दिनों से भोपाल एम्स की मॉर्चुरी में रखा हुआ है। परिवार का कहना है कि पीएम-2 की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।

