एसआर रघुवंशी, गुना। मध्यप्रदेश के गुना जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बंद कमरे में महिला और पुरुष के दो शव मिले। हैरान करने वाली बात यह है कि एक दिन पहले इसी घर के पास बने मकान से एक और शव मिला था। लगातार दूसरे दिन भी लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है। यह पूरा मामला म्याना क्षेत्र का है।
गुना जिले के म्याना थाना क्षेत्र में बंद मकान से लगातार दूसरे दिन शव मिलने से हड़कंप मच गया। रविवार सुबह हनुमान मंदिर के पास बने घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। गेट पर बाहर से ताला लटका था, जिसे तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची तो ओमप्रकाश शर्मा (60) का सड़ा-गला शव मिला। भतीजे हेमंत शर्मा ने बताया कि शव तीन-चार दिन पुराना लग रहा था, मौत संदिग्ध है।
ये भी पढ़ें: फादर्स डे पर ‘स्टंटबाज पापा’? पिता के कंधे का सहारा या हादसे को खुला न्योता ?
दूसरे दिन मिले दो और शव
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। जांच शुरू ही हुई थी कि सोमवार सुबह फिर बदबू उठी। ओमप्रकाश के कमरे से सटे दूसरे कमरे से खून रिसता देख ग्रामीणों ने फिर पुलिस बुलाई। दरवाजा तोड़ते ही पुलिस के होश उड़ गए, अंदर एक महिला और एक पुरुष के सड़े हुए शव पड़े थे। दोनों शव पूरी तरह सड़ चुके हैं, पहचान मुश्किल है। बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश की पत्नी का पांच साल पहले निधन हो चुका है और बेटा भोपाल में रहता है, ऐसे में नए शवों की पहचान पहेली बनी है। फिलहाल तीन मौतों से क्षेत्र में दहशत है, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

