एसआर रघुवंशी, गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक लेडी कांस्टेबल ने आत्महत्या कर ली। सरकारी क्वार्टर में उसका शव चादर के फंदे से पंखे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि महिला सिपाही दो दिन की छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौटी थी। घटना के मौत पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतिका ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया है, इसका कारण अज्ञात है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
यह पूरा मामला कैंट थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, गुना पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर में मंगलवार दोपहर लेडी कॉन्स्टेबल निशा शर्मा ने फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह से गेट बंद देख कामवाली महिला लौट गई। दोपहर 12 बजे तक दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों ने कैंट थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कई बार आवाज दी, जवाब न मिलने पर गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
ये भी पढ़ें: भिंड की गोहद उप जेल से कैदी फरार: निर्माण कार्य में लगी सीढ़ी से दीवार फांदकर भागा, रेप केस में था बंद
कमरे में निशा का शव चादर के फंदे से पंखे पर लटका मिला, जिसे तत्काल नीचे उतारा गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल पर सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। जांच में सामने आया कि निशा दो दिन की छुट्टी पर अशोकनगर गई थीं और सोमवार शाम ड्यूटी पर लौटी थीं। आज सुबह से वह कमरे से बाहर नहीं निकलीं, दोपहर तक कोई हलचल न होने पर घटना का खुलासा हुआ।
ये भी पढ़ें: नींद ने पहुंचाया सलाखों के पीछे: एसी-कूलर गोदाम में चोरी करने घुसा था चोर, सुबह खर्राटे लेते मिला
वहीं पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है, उनके पहुंचने और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आत्महत्या की वजह स्पष्ट होगी। आपको बता दें कि निशा कोतवाली थाने में पदस्थ थीं और अशोकनगर जिले की मूल निवासी थीं। फिलहाल कैंट थाना पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। अधिकारी पारिवारिक और विभागीय कारणों की भी पड़ताल कर रहे हैं।

