हेमंत शर्मा, इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी 19 सितंबर शनिवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इसे लेकर राहुल गांधी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी हो गया है। वहीं कार्यक्रम से पहले कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मध्य प्रदेश पुलिस पर तीखा हमला बोला है।

ऐसा रहेगा शेड्यूल

राहुल गांधी शनिवार दोपहर 2:30 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से रेडिसन होटल तक जाएंगे। जहां स्वागत के लिए मंच रहेगा। इसके बाद रेडिसन होटल से शाम 6 बजे तक कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल से पीछे के गेट से सीधी एंट्री होगी। वे यहां पर करीब 3 लाख विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था के तगड़े इंतजाम किए गए है। दो हजार की क्षमता वाले सेक्टरों में भीड़ का विभाजन और कम से कम 40 CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी।

ये भी पढ़ें: ‘अगर कैटरीना डेट करना चाहती थीं तो मैं क्यों नहीं?’, छात्रों की गूंज कार्यक्रम में दिल्ली से इंदौर पहुंची युवती, राहुल गांधी से जताई शादी की इच्छा

कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ में कई सिंगर और कलाकार अपनी प्रस्तुति मंच के माध्यम से देंगे और इसको लेकर कई तरह की तैयारी अभी शुरू हो चुकी हैं। आपको बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून, 8 अगस्त को प्रयागराज और पुणे भी छात्रों की गूंज कार्यक्रम कर चुके है।

पवन खेड़ा का तीखा हमला

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सियासी विवाद गहराता जा रहा है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मध्य प्रदेश पुलिस और सरकार पर तीखा हमला बोला है। पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि पहले राहुल गांधी को उनके पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या का हवाला देकर डराने की कोशिश की गई और अब कोचिंग सेंटर संचालकों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कोचिंग सेंटर संचालकों से लिखवाया जा रहा है कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले छात्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी उनकी होगी।

यह सुरक्षा नहीं, डराने का सिलसिला है

पवन खेड़ा ने अपने पोस्ट में लिखा कि यह सुरक्षा व्यवस्था नहीं, बल्कि डराने का पूरा सिलसिला है। उन्होंने सवाल उठाया कि पहले राहुल गांधी, फिर कार्यक्रम के आयोजक और अब कोचिंग सेंटर व छात्रों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसमें विशिष्ट अतिथि के साथ आम नागरिक भी शामिल हैं।

सरकार पर नाकामी का आरोप

पवन खेड़ा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो सरकार लोगों की सुरक्षा करने के बजाय उन्हें डराती है, वह अपनी नाकामी का ऐलान खुद कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m