इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश की खंडवा पुलिस ने रंगदारी दिखाकर डंपर चालक से अवैध वसूली करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के चंद घंटों के अंदर आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया। आरोपितों ने रास्ता रोककर पैसे मांगे थे। इतना ही नहीं विरोध करने पर मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और डंपर के कांच पत्थर मारकर तोड़ दिए।

खंडवा जिले के धनगांव थाना पुलिस ने सनावद-पुनासा रोड पर हाथिया बाबा के पास हुई रंगदारी और मारपीट की वारदात का त्वरित खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, खरगोन जिले के पिपरीखेड़ा निवासी डंपर चालक सावन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन युवकों ने मोटरसाइकिल खड़ी कर उसका रास्ता रोका और रंगदारी के नाम पर पैसे मांगने लगे। जब चालक ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और पत्थर फेंककर डंपर के कांच तोड़ दिए।

ये भी पढ़ें: प्रॉपर्टी ब्रोकर ने की आत्महत्या: सुसाइड नोट में बीजेपी नेता का जिक्र, पुलिस कर रही जांच

इस शिकायत पर धनगांव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों पियुष राठौर, आकाश वादे और वसीम उर्फ मोहसीन को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी इनपुन पुनर्वास क्षेत्र के रहने वाले हैं। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल खंडवा भेज दिया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m